
मुंबई JW मैरियट (image: social media)
Mumbai: मुंबई के एक नामी लग्जरी होटल में डिनर के दौरान ऐसा नजारा सामने आया जिसने होटल की चमक-दमक और स्वच्छता के दावों पर सवाल खड़े कर दिए। देश के जाने-माने कार्डियोलॉजिस्ट और फोर्टिस हेल्थकेयर के चेयरमैन डॉ. अशोक सेठ ने दावा किया है कि मुंबई के सहार स्थित JW मैरियट होटल के रोमानो रेस्टोरेंट में उनके डिनर टेबल पर एक छोटा कॉकरोच घूम रहा था। घटना के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा किया और होटल की हाइजीन व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर की।
डॉ. अशोक सेठ के मुताबिक, यह घटना शनिवार रात की है, जब वह मुंबई के JW मैरियट के रोमानो रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। डिनर के दौरान अचानक उनकी नजर टेबल पर रखे बर्तनों के बीच घूम रहे कॉकरोच पर पड़ी। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद वह और उनके साथ मौजूद लोग असहज हो गए और उनकी खाने की इच्छा पूरी तरह खत्म हो गई।इसके बाद सभी लोग बिना खाना खाए ही वहां से चले गए। डॉ. सेठ ने इस अनुभव को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर करते हुए होटल की साफ-सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए।
डॉ. अशोक सेठ ने अपनी पोस्ट में कॉकरोच को मजाकिया अंदाज में "रोची" नाम दिया। उन्होंने लिखा कि डिनर के लिए एक छोटा कॉकरोच भी उनकी टेबल पर पहुंच गया और उनके साथ खाना शेयर करना चाहता था। उन्होंने आगे लिखा कि समझाने के बाद भी "रोची" वहां से जाने को तैयार नहीं था, शायद उसे पास्ता नहीं बल्कि पिज्जा चाहिए था। हालांकि इस व्यंग्य के पीछे उन्होंने होटल की लापरवाही को लेकर गंभीर चिंता भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पांच सितारा होटल अपने ग्राहकों से बेहतर सेवाओं और उच्च गुणवत्ता के नाम पर बड़ी रकम लेते हैं, ऐसे में स्वच्छता के मानकों को लेकर कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
डॉ. सेठ ने अपनी पोस्ट में फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI), JW मैरियट और महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन के कमिश्नर तुकाराम मुंडे को टैग किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मामले को गंभीरता से देखा जाएगा। तुकाराम मुंडे खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं। हाल के समय में होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई को लेकर वह चर्चा में रहे हैं।
डॉ. सेठ ने यह भी सवाल उठाया कि अगर एक ग्राहक की नजर डिनर टेबल पर कॉकरोच पर पड़ सकती है, तो किचन की स्थिति कैसी होगी। उन्होंने इसे होटल की सफाई व्यवस्था पर बड़ा सवाल बताया। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद JW मैरियट होटल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सभी की नजर होटल के जवाब और संभावित कार्रवाई पर टिकी है।
Location : Mumbai
Published : 21 September 2026, 3:17 PM IST