Mumbai Collapsed: बांद्रा में तीन मंजिला चॉल हुई जमींदोज, 10 लोग मलबे में फंसे, चीख-पुकार से मचा हड़कंप

मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बांद्रा में तीन मंजिला की चॉल अचानक जमींदोज हो गई। लोगों में हड़कंप मचा हुआ है, हालांकि, राहत-बचाव अभियान जारी है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 18 July 2025, 10:35 AM IST
google-preferred

Bandra: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादस हो गया। बांद्रा इलाके के भारत नगर स्थित एक तीन मंजिला चॉल अचानक ढह गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसा सुबह करीब 5:56 बजे हुआ और शुरुआती जानकारी के अनुसार कम से कम 10 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और BMC की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, अब तक सात लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला जा चुका है। सभी को पास के भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अन्य फंसे हुए लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान पूरे जोर-शोर से चलाया जा रहा है।

चॉल नंबर 37 पूरी तरह से जमींदोज

प्रशासन के मुताबिक, जिस इमारत में यह हादसा हुआ, वह चॉल नंबर 37 है, जो पूरी तरह से ढह चुकी है। मौके पर आठ दमकल गाड़ियां, पुलिस बल और बचाव दल तैनात हैं। अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है और हमारी कोशिश है कि फंसे हुए लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

स्थानीय लोगों में दहशत, सवाल खड़े हुए जर्जर इमारतों पर

हादसे के बाद से स्थानीय निवासियों में डर और बेचैनी का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह इलाका पुरानी और जर्जर चॉलों से भरा हुआ है, जिनकी मरम्मत और सुरक्षा पर BMC का ध्यान नहीं जाता। हादसे के बाद से लोग अपने-अपने घरों की हालत को लेकर चिंतित हैं और BMC से तत्काल निरीक्षण और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

BMC की टीम मौके पर मौजूद, शुरू हुई आंतरिक जांच

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की स्थानीय वार्ड टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और हालात का जायजा ले रही है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की आंतरिक जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक चॉल के गिरने की सटीक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन शुरुआती संकेत संरचनात्मक कमजोरी और वर्षा के प्रभाव की ओर इशारा कर रहे हैं।

स्थानीय लोग भी दे रहे बचाव में साथ

मुश्किल की इस घड़ी में स्थानीय लोग भी प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। कई लोगों ने खुद मलबा हटाने में मदद की, पानी और प्राथमिक उपचार सामग्री पहुंचाई। प्रशासन ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया है और आसपास की इमारतों की भी जांच की जा रही है।

Location :