सुल्तानपुर से कालका तक दौड़ेगी नई सुपरफास्ट, UP के इन बड़े शहरों के यात्रियों का सफर होगा आसान!

उत्तर प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। सुल्तानपुर और कालका के बीच नई सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की तैयारी पूरी हो गई है और रेलवे बोर्ड से मंजूरी भी मिल चुकी है। ट्रेन सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, कानपुर और लखनऊ जैसे अहम स्टेशनों से होकर गुजरेगी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 12 August 2026, 7:25 PM IST

Sultanpur: उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों से चंडीगढ़ और कालका जाने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। रेलवे बोर्ड ने सुल्तानपुर-कालका सुपरफास्ट एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दे दी है। नई ट्रेन के चलने से सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, कानपुर और लखनऊ समेत कई शहरों के यात्रियों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है। हालांकि ट्रेन का संचालन किस तारीख से शुरू होगा, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।

सप्ताह में तीन दिन चलेगी ट्रेन

रेलवे बोर्ड के निर्देश के मुताबिक, गाड़ी संख्या 22260 और 22259 सुल्तानपुर-कालका सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में दोनों दिशाओं में सप्ताह में तीन दिन संचालित करने की योजना है।

सुल्तानपुर से कालका जाने वाली गाड़ी संख्या 22260 मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। निर्धारित समय के अनुसार ट्रेन सुल्तानपुर से सुबह 11:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:20 बजे कालका पहुंचेगी।

वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 22259 बुधवार, शुक्रवार और रविवार को कालका से सुल्तानपुर के लिए चलेगी। कालका से ट्रेन सुबह 11:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:20 बजे सुल्तानपुर पहुंचने का समय निर्धारित किया गया है।

ये भी पढ़ें- मेडिकल में शराब नहीं मिली, कार में दिखी बीयर की बोतल! गाय की मौत के बाद बदायूं में फिर भड़का बवाल, थाने पर धरना

कई बड़े स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

नई सुपरफास्ट ट्रेन का सबसे बड़ा फायदा इसके प्रस्तावित ठहराव वाले स्टेशनों से जुड़े यात्रियों को मिलेगा। ट्रेन दोनों दिशाओं में चंडीगढ़, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ सिटी, हापुड़, बुलंदशहर, हाथरस और कानपुर सेंट्रल जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इसके अलावा ट्रेन का ठहराव उन्नाव, लखनऊ चारबाग, रहमत नगर, हैदरगंज, महाराजा बिजली पासी और मुसाफिर खाना समेत अन्य स्टेशनों पर भी निर्धारित किया गया है।

इस रूट पर लंबे समय से सफर करने वाले यात्रियों के लिए नई ट्रेन एक अतिरिक्त विकल्प के तौर पर सामने आएगी। खासकर लखनऊ, कानपुर, मेरठ, सहारनपुर और आसपास के क्षेत्रों से चंडीगढ़-कालका की ओर जाने वाले यात्रियों को इससे सुविधा मिलने की उम्मीद है।

HLB रैक से होगा संचालन

रेल अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन में HLB रैक लगाया जाएगा। इससे यात्रियों को पहले की तुलना में बेहतर और आरामदायक यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद है। ट्रेन के प्राथमिक रखरखाव की जिम्मेदारी कानपुर को दी गई है। वहीं मेरठ सिटी, कानपुर और सहारनपुर स्टेशनों को कोचों में पानी भरने और साफ-सफाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रेलवे की इस व्यवस्था का उद्देश्य ट्रेन को नियमित संचालन के दौरान बेहतर स्थिति में रखना है।

ये भी पढ़ें- Fatehpur: इलाज में लापरवाही का आरोप, एम्बुलेंस के शीशे तोड़े; बहादुर पाल अस्पताल में मरीज की मौत पर बवाल

कब से शुरू होगी सेवा?

अंबाला रेल डिविजन के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह के अनुसार, रेलवे बोर्ड की ओर से ट्रेन के संचालन को लेकर समय सारिणी और स्टॉपेज की जानकारी दी गई है। हालांकि ट्रेन किस तारीख से पटरी पर उतरेगी, इसकी आधिकारिक सूचना अभी मिलनी बाकी है।

यानी ट्रेन को हरी झंडी मिल चुकी है, लेकिन यात्रियों को इसके पहले सफर के लिए अभी आधिकारिक तारीख का इंतजार करना होगा। तारीख सामने आते ही इस रूट पर हजारों यात्रियों की यात्रा योजना में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

Location :  Sultanpur

Published :  12 August 2026, 7:25 PM IST