Lifestyle News: सोच-सोचकर थक गए हैं? ओवरथिंकिंग से छुटकारा पाने के लिए अपनाएं ये आसान उपाय

हर समय सोचते रहते हैं? ओवरथिंकिंग से मानसिक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है लेकिन अगर आप इससे बचना चाहते हैं तो पढ़ें डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी खबर

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 6 June 2025, 6:32 PM IST

नई दिल्ली: सोचना मनुष्य की एक स्वाभाविक और जरूरी प्रक्रिया है, लेकिन जब यही सोच जरूरत से ज्यादा और लगातार हो जाए, तो यह मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है। इस प्रक्रिया को ओवरथिंकिंग कहा जाता है। ओवरथिंकिंग न केवल आपके फैसले लेने की क्षमता को प्रभावित करती है, बल्कि यह आपकी नींद, आत्मविश्वास और यहां तक कि ब्लड प्रेशर को भी नुकसान पहुंचा सकती है।

आज की तेज रफ्तार और तनावपूर्ण जीवनशैली में ओवरथिंकिंग एक आम समस्या बन चुकी है, जो धीरे-धीरे एक आदत में बदल जाती है। हालाँकि, यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं पाया गया, तो यह डिप्रेशन, एंग्जायटी, अनिद्रा और अन्य मानसिक विकारों का रूप ले सकती है।

ओवरथिंकिंग के नुकसान

लगातार किसी बात को लेकर चिंतित रहने से व्यक्ति मानसिक रूप से कमजोर हो जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, ओवरथिंकिंग करने वाले व्यक्ति को निर्णय लेने में कठिनाई होती है, छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आना, अकेलापन महसूस होना, ध्यान केंद्रित न कर पाना जैसे लक्षण आम हैं। इसके अलावा, नींद की कमी (इन्सोम्निया), डिप्रेशन, एंग्जायटी और हाई ब्लड प्रेशर जैसे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ जाते हैं।

प्रतीकात्मक छवि (फाटो सोर्स- इंटरनेट)

ओवरथिंकिंग के लक्षण

  • निर्णय लेने में कठिनाई
  • बार-बार किसी घटना को याद करना
  • इमोशनली कमजोर महसूस करना
  • छोटी बातों पर गुस्सा आना
  • अकेलापन और उदासी
  • मानसिक थकावट
  • हर समय चिंता में डूबे रहना

ओवरथिंकिंग से कैसे पाएं निजात?

मेडिटेशन अपनाएं

मेडिटेशन यानी ध्यान एक बेहद कारगर उपाय है जो आपके दिमाग को शांत करता है। रोजाना कम से कम 15 से 20 मिनट ध्यान करने से नर्वस सिस्टम शांत होता है और विचारों की अनियंत्रित दौड़ में ब्रेक लगता है।

बातों को साझा करें

अगर कोई बात आपको परेशान कर रही है, तो उसे अंदर न रखें। अपने किसी करीबी दोस्त या भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें। बात करने से मानसिक बोझ हल्का होता है और स्थिति को स्पष्ट रूप से समझने में मदद मिलती है।

खुद को व्यस्त रखें

खाली समय में दिमाग अधिक सक्रिय रहता है और अक्सर नकारात्मक विचारों को जन्म देता है। इसलिए दिनचर्या में व्यायाम, पढ़ाई, हॉबी या किसी रचनात्मक कार्य को शामिल करें।

विचारों को लिखें

अगर आप सोचते हैं कि कोई विचार लगातार परेशान कर रहा है, तो उसे एक डायरी में लिख लें। यह प्रक्रिया आपको मानसिक रूप से राहत देती है और विचारों को संरचित रूप से देखने का अवसर देती है।

प्रकृति के साथ समय बिताएं

सुबह-शाम खुले वातावरण में टहलना, हरियाली देखना और प्रकृति के करीब रहना मानसिक तनाव को काफी हद तक कम करता है। आप चाहें तो गार्डनिंग जैसी गतिविधि भी शुरू कर सकते हैं।

ओवरथिंकिंग एक गंभीर समस्या है जिसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। यह धीरे-धीरे न केवल मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि आपके शारीरिक स्वास्थ्य पर भी असर डालती है। अगर आप इन सरल उपायों को अपनी दिनचर्या में शामिल करें, तो आप खुद को इस आदत से धीरे-धीरे बाहर निकाल सकते हैं। याद रखें- सोचना अच्छी बात है, लेकिन हद से ज्यादा सोचना नहीं।

Location :  New Delhi

Published :  6 June 2025, 6:32 PM IST