
बिहार बोर्ड 12वीं का रिजल्ट होगा जारी (Img: Google)
Patna: बिहार के लाखों छात्रों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) आज 23 मार्च को इंटरमीडिएट यानी 12वीं का रिजल्ट जारी करने जा रहा है। बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि दोपहर 1 बजकर 30 मिनट पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से परिणाम घोषित किए जाएंगे।
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट्स जैसे results.biharboardonline.com और bsebexam.com पर जाकर अपना परिणाम देख सकेंगे। इसके लिए छात्रों को अपना रोल नंबर और जन्म तिथि दर्ज करनी होगी।
इस वर्ष बिहार बोर्ड 12वीं की परीक्षाएं 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। परीक्षा में करीब 13.18 लाख छात्र शामिल हुए थे, जो राज्यभर के 1,762 परीक्षा केंद्रों पर बैठे। वहीं 10वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 25 फरवरी के बीच संपन्न हुई थीं।
पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2025 में कुल पास प्रतिशत 85.56% रहा था। वहीं 2024 में 87.21% और 2023 में 83.7% छात्र सफल हुए थे। इस बार भी अच्छे परिणाम की उम्मीद की जा रही है।
बिहार बोर्ड के नियमों के अनुसार, छात्रों को पास होने के लिए प्रत्येक विषय में कम से कम 33% अंक लाना जरूरी होता है। अगर किसी छात्र के एक या दो विषयों में कम अंक आते हैं तो उसे कंपार्टमेंट परीक्षा का मौका दिया जाता है। वहीं दो से अधिक विषयों में फेल होने पर छात्र को असफल माना जाता है।
ऑनलाइन जारी होने वाली मार्कशीट में छात्र का नाम, माता-पिता का नाम, स्कूल का नाम, विषयवार अंक, कुल अंक और रिजल्ट स्टेटस जैसी जानकारी शामिल होगी। ओरिजिनल मार्कशीट छात्रों को रिजल्ट जारी होने के एक से दो हफ्ते के भीतर उनके स्कूल से मिल जाएगी।
रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां “BSEB 12th Result 2026” लिंक पर क्लिक कर अपना रोल नंबर और डेट ऑफ बर्थ दर्ज करना होगा। इसके बाद रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड या प्रिंट भी किया जा सकता है।
Location : Patna
Published : 23 March 2026, 11:33 AM IST
Topics : Bihar Board 12th Result BSEB Result 2026 Education News Exam Results Intermediate Result India