झारखंड के चाईबासा में बदमाशों के हौसले बुलंद, ट्यूशन से लौट रही युवती के साथ किया कांड

चाईबासा में ट्यूशन से लौट रही एक युवती पर अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया। युवती गंभीर रूप से घायल है और उसे जमशेदपुर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 9 April 2026, 1:40 PM IST

Chaibasa (Jharkhand): झारखंड के चाईबासा में बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। रात के अंधेरे में ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रही एक युवती पर अज्ञात हमलावर ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमलावर ने इतनी बेरहमी से वार किए कि युवती सड़क पर खून से लथपथ होकर गिर पड़ी और मदद के लिए चीखती रही। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, इससे पहले आरोपी मौके से फरार हो चुका था।

ट्यूशन से लौट रही थी लड़की

घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित आनंद मार्ग स्कूल के सामने वाली गली की बताई जा रही है। बुधवार रात करीब 8 बजे 24 वर्षीय शिल्पी मोदक रोज की तरह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपने घर लौट रही थी। वह न्यू कॉलोनी नीमडीह में संतोषी मंदिर के पास रहती है और परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाती थी।

पहले से घात लगाए बैठा था हमलावर

जानकारी के मुताबिक, एक युवक पहले से ही गली में छिपकर बैठा था। जैसे ही शिल्पी वहां पहुंची, उसने अचानक चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर ने सफेद शर्ट और जींस पहन रखी थी और उसने युवती पर कई बार चाकू से वार किए। अचानक हुए इस हमले से शिल्पी संभल नहीं पाई और गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।

‘जैसे अतीक अहमद को मारा, वैसे ही उसको मारना है‘…शंकराचार्य को जान से मारने की धमकी

अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर

घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल शिल्पी को उठाकर सदर अस्पताल चाईबासा ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

परिवार को बच्चों से मिली खबर

शिल्पी के बड़े पिता (ताऊजी) सुनील मोदक ने बताया कि वह उनके छोटे भाई अनिल मोदक की बेटी है। अनिल मोदक टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शिल्पी रोज बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने जाती थी। घटना की जानकारी परिवार को उन्हीं बच्चों के जरिए मिली, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया।

महाकुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा और फरमान की लव स्टोरी पर बड़ा संकट, NHRC ने नोटिस भेजकर मांगा इस बात का जवाब

जांच में जुटी पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा

घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से चाकू बरामद कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली जाएगी और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इलाके में भय का माहौल है और लोग इस घटना से सहमे हुए हैं।

Location :  Chaibasa

Published :  9 April 2026, 1:40 PM IST