सुरक्षा चूक या साजिश? देवघर बाबा बैद्यनाथ मंदिर दान पेटी में मिला पाकिस्तानी नोट, MP निशिकांत दुबे ने की NIA जांच की मांग

देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दान पेटी से पाकिस्तानी नोट मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सांसद निशिकांत दुबे ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए NIA जांच की मांग की है, जबकि पुरोहितों ने साजिश की आशंका जताई है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 28 March 2026, 1:08 PM IST

Deoghar: झारखंड के देवघर स्थित प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने श्रद्धालुओं के साथ-साथ प्रशासन को भी चिंता में डाल दिया है। 25 मार्च को मंदिर की 18 दान पेटियों को खोला गया, जिसमें कुल 32 लाख 14 हजार 245 रुपये की राशि प्राप्त हुई। लेकिन, गिनती के दौरान एक पाकिस्तानी करेंसी का नोट मिलने से हड़कंप मच गया। यह घटना पहली नजर में छोटी लग सकती है, लेकिन इसके पीछे की आशांकाएं कहीं ज्यादा गंभीर मानी जा रही हैं।

सांसद निशिकांत दुबे का हमला- "सुरक्षा बाबा भरोसे"

गोड्डा लोकसभा से सांसद निशिकांत दुबे ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मंदिर की सुरक्षा-व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे चल रही है। दुबे ने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2019 से 2026 तक मंदिर श्राइन बोर्ड की एक भी बैठक नहीं हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब निगरानी तंत्र ही निष्क्रिय है, तो ऐसी घटनाएं होना स्वाभाविक है। यहां तक कि ट्रस्टी होने के बावजूद उन्हें मंदिर की आंतरिक व्यवस्थाओं की जानकारी नहीं है।

Cash for Query row: भाजपा MP निशिकांत दुबे का बड़ा दावा, महुआ मोइत्रा के खिलाफ CBI जांच के आदेश

पुरोहितों ने जताई साजिश की आशंका

मंदिर के वरिष्ठ पुरोहित और अखिल भारतीय तीर्थपुरोहित महासभा से जुड़े दुर्लभ मिश्रा ने इस घटना को बेहद गंभीर बताया है। उनके अनुसार, पाकिस्तानी नोट का दान पेटी तक पहुंचना सामान्य नहीं हो सकता। उन्होंने दो संभावनाएं जताईं या तो कोई पाकिस्तानी मूल का हिंदू श्रद्धालु यहां आया हो, या फिर यह किसी बड़ी साजिश का संकेत हो सकता है।

मंदिर के वरिष्ठ पुरोहित दुर्लभ मिश्रा ने इस घटना को बेहद गंभीर बताया (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)

उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा राष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता। अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति मंदिर परिसर या गर्भगृह तक पहुंचा है, तो यह सुरक्षा में बड़ी चूक है।

क्या यह सुरक्षा में सेंध या बड़ी साजिश?

इस घटना ने कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं। मंदिर जैसे संवेदनशील धार्मिक स्थल पर विदेशी करेंसी का पहुंचना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चेतावनी हो सकता है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि कहीं यह किसी तरह की रेकी या सुरक्षा-व्यवस्था को परखने की कोशिश तो नहीं।

भाजपा के वरिष्ठ सांसद निशिकांत दुबे पहुंचे न्यूयार्क, संयुक्त राष्ट्र संघ के अधिवेशन में रखेंगे भारत का पक्ष

NIA जांच की मांग तेज

मामले की गंभीरता को देखते हुए अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी से जांच कराने की मांग उठ रही है। कई लोगों का कहना है कि इस मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए। बताया जा रहा है कि मंदिर के 65 वर्षों के इतिहास में यह पहली बार है, जब इस तरह की घटना सामने आई है। इससे श्रद्धालुओं की आस्था के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।

Location : 
  • Deoghar

Published : 
  • 28 March 2026, 1:08 PM IST