टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया का अभियान उम्मीदों के उलट रहा। ग्रुप स्टेज में सिर्फ एक जीत के साथ कंगारू टीम सुपर-8 से पहले बाहर हो गई। अब आईसीसी रैंकिंग में 20वें स्थान पर मौजूद ओमान भी उन्हें हराने का दम भर रही है। कप्तान जतिंदर सिंह ने इसे ऐतिहासिक मौका बताया है।

कंगारू टीम सुपर-8 से पहले बाहर हो गई (Image Source: Google)
New Delhi: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में इस बार सबसे बड़ा उलटफेर ऑस्ट्रेलिया के रूप में देखने को मिला। क्रिकेट जगत की दिग्गज टीम मानी जाने वाली ऑस्ट्रेलिया का सफर ग्रुप स्टेज में ही थम गया। ग्रुप-बी में शामिल कंगारू टीम तीन मुकाबलों में सिर्फ एक जीत दर्ज कर सकी और सुपर-8 की दौड़ से बाहर हो गई।
कप्तान मिशेल मार्श की अगुवाई में टीम ने अपने अभियान की शुरुआत आयरलैंड के खिलाफ जीत के साथ की थी। हालांकि इसके बाद कहानी पूरी तरह बदल गई। 13 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली हार ने टीम की लय तोड़ी, जबकि श्रीलंका के खिलाफ 8 विकेट की एकतरफा शिकस्त ने उनकी उम्मीदों पर अंतिम प्रहार कर दिया। आईसीसी टूर्नामेंटों के इतिहास में शायद ही ऐसा मौका आया हो जब ऑस्ट्रेलिया को इतने शुरुआती चरण में बाहर होना पड़ा हो। यह प्रदर्शन क्रिकेट विशेषज्ञों और प्रशंसकों दोनों के लिए चौंकाने वाला रहा।
अब ऑस्ट्रेलिया के सामने अपने सम्मान को बचाने का एकमात्र मौका बचा है। उनका अंतिम ग्रुप मुकाबला आईसीसी टी20 रैंकिंग में 20वें स्थान पर काबिज ओमान से होना है। यह मैच श्रीलंका के ऐतिहासिक पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
T20 World Cup 2026: दुबे का जलवा, भारत ने नीदरलैंड्स को हराकर सुपर-8 से पहले दिखाई ताकत
ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा बयान देते हुए कहा कि उनकी टीम के लिए यह ऑस्ट्रेलिया को हराने का बेहतरीन मौका है। उन्होंने कहा, हमारे खिलाड़ी बेहद सकारात्मक हैं और इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह हमारे लिए खुद को साबित करने का मंच है। ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ ओमान की यह आक्रामक मानसिकता बताती है कि क्रिकेट में अब कोई भी टीम किसी को हल्के में नहीं ले सकती।
ग्रुप-बी में ओमान का प्रदर्शन भी खास नहीं रहा है। टीम ने अब तक खेले तीनों मुकाबले गंवाए हैं। इसके बावजूद कप्तान जतिंदर सिंह अपनी टीम की संभावनाओं को लेकर आशावादी हैं। उन्होंने साफ कहा कि ओमान में फ्रेंचाइजी क्रिकेट की कमी खिलाड़ियों की तैयारी को प्रभावित करती है। अगर देश में टी20 लीग शुरू हो या खिलाड़ियों को विदेशी लीग में खेलने के अधिक अवसर मिलें, तो प्रदर्शन में बड़ा सुधार संभव है। जतिंदर ने यह भी बताया कि उन्होंने कई टीमों को ओमान आकर खेलने का न्योता दिया, लेकिन या तो जवाब देर से मिला या मिला ही नहीं।
T20 World Cup 2026: भारत की दमदार पारी खत्म, नीदरलैंड के सामने खड़ा दीवार जैसा 194 रन का टारगेट
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए अलग-अलग मायनों में अहम है, एक अपने खोए सम्मान को बचाने के लिए उतरेगी, तो दूसरी इतिहास रचने के इरादे से मैदान में होगी। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब इस दिलचस्प भिड़ंत पर टिकी हैं।