हिंदी
जोहान्सबर्ग के बेक्कर्सडाल टाउनशिप में अंधाधुंध फायरिंग
Johannesburg: दक्षिण अफ्रीका के सबसे बड़े शहर जोहान्सबर्ग में हुई अंधाधुंध गोलीबारी ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। जोहान्सबर्ग से लगभग 40 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित बेक्कर्सडाल टाउनशिप में हथियारबंद हमलावरों ने अचानक लोगों पर गोलियां बरसा दीं।
पुलिस के अनुसार यह हमला स्थानीय समयानुसार रात करीब 1 बजे हुआ, जिसमें कुल 20 लोग गोली का शिकार बने। इनमें से 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि यह गोलीबारी एक अनौपचारिक बार यानी टैवर्न के पास हुई, जहां कथित रूप से अवैध शराब बेची जा रही थी। यह इलाका दक्षिण अफ्रीका की कुछ प्रमुख सोने की खदानों के नजदीक स्थित है और आर्थिक रूप से पिछड़ा माना जाता है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर दो वाहनों, एक सफेद कोम्बी और एक सिल्वर सेडान में सवार होकर आए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब 12 अज्ञात संदिग्धों ने टैवर्न के अंदर मौजूद लोगों और बाहर सड़क पर खड़े लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग की और फिर मौके से फरार हो गए।
गौतेंग प्रांत की पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर ब्रेंडा मुरिडिली ने बताया कि पुलिस अब भी मृतकों और घायलों की पहचान करने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अपराध और प्रबंधन टीम को जांच के लिए तैनात कर दिया गया है और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल इस हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
दक्षिण अफ्रीका में इस तरह की घटनाएं नई नहीं हैं। इससे पहले 6 दिसंबर को राजधानी प्रिटोरिया के पास एक हॉस्टल में हुए हमले में तीन साल के एक मासूम बच्चे समेत 12 लोगों की जान चली गई थी। 6.3 करोड़ की आबादी वाले इस देश में अपराध दर काफी ऊंची है और यह दुनिया के सबसे अधिक हत्या दर वाले देशों में शामिल है। बेरोजगारी, गरीबी, अवैध हथियारों की उपलब्धता और संगठित अपराध को इसके प्रमुख कारणों में गिना जाता है।
तेल टैंकर पर कब्जे से भड़का विवाद, अमेरिका ने वेनेजुएला को फिर उकसाया; ट्रंप ने दिया सख्त संदेश
स्थानीय समुदाय में इस घटना के बाद डर और आक्रोश का माहौल है। लोग सरकार और प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Location : Johannesburg
Published : 21 December 2025, 11:36 AM IST
No related posts found.