हिंदी
भारतीय दंपती ने AI के लिए दान किए Rs 191 करोड़
नई दिल्ली: भारतीय मूल के एक दंपती ने अमेरिका में शिक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में बड़ा योगदान दिया है। आंध्र प्रदेश से संबंध रखने वाले अनुराधा और विकास सिन्हा ने अपनी पुरानी यूनिवर्सिटी University of North Texas (UNT) को 20 मिलियन डॉलर यानी करीब Rs 191 करोड़ का दान दिया है।
इस ऐतिहासिक दान से यूनिवर्सिटी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एडवांस्ड एनालिटिक्स और आधुनिक तकनीक से जुड़े शोध को बढ़ावा मिलेगा। दंपती के सम्मान में यूनिवर्सिटी अब 'अनुराधा और विकास सिन्हा कॉलेज ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड एडवांस्ड एनालिटिक्स' की स्थापना करेगी।
यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ टेक्सास के अनुसार, नया कॉलेज AI, इंटेलिजेंट सिस्टम और डेटा एनालिटिक्स पर केंद्रित एक प्रमुख अकादमिक और रिसर्च सेंटर के रूप में काम करेगा।
इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, डेटा साइंस, हेल्थ इंफॉर्मेटिक्स, एडवांस्ड एनालिटिक्स, इंफॉर्मेशन साइंस, लाइब्रेरी साइंस और लर्निंग टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों को एक साथ जोड़ा जाएगा।
विकास और अनुराधा सिन्हा का यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ टेक्सास से पुराना जुड़ाव रहा है। साल 2024 में उन्होंने 'अनुराधा और विकास सिन्हा डिपार्टमेंट ऑफ डेटा साइंस' की स्थापना के लिए योगदान दिया था।
इसके अलावा उन्होंने स्कॉलरशिप, फैकल्टी, रिसर्च और अन्य शैक्षणिक योजनाओं को बढ़ावा देने के लिए एंडोमेंट फंड भी दिए थे। इसके बाद 2025 में उन्होंने 'सिन्हा इनोवेशन लैब फॉर डेटा साइंस' की स्थापना में भी मदद की।
दान के बाद विकास सिन्हा ने कहा कि शिक्षा ने उनके जीवन में कई अवसर पैदा किए और अब वह चाहते हैं कि दूसरे छात्रों के लिए भी ऐसे रास्ते खुले रहें।
उन्होंने कहा कि AI आने वाली पीढ़ी की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकों में से एक होगी। इसलिए जरूरी है कि ऐसे विशेषज्ञ तैयार किए जाएं जो सिर्फ AI का इस्तेमाल न करें, बल्कि इंटेलिजेंट सिस्टम को समझें, विकसित करें और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाएं।
उन्होंने कहा कि यह योगदान इस विश्वास को दर्शाता है कि अप्रवासी सिर्फ अमेरिकी सपने का हिस्सा नहीं बनते, बल्कि उसे बनाने में भी योगदान देते हैं।
20 मिलियन डॉलर के इस दान से छह स्थायी एंडोमेंट फंड बनाए जाएंगे। इनका इस्तेमाल कॉलेज की लीडरशिप, छात्रों की स्कॉलरशिप, प्रोफेसरशिप, रिसर्च, उद्यमिता और नई तकनीकों को बढ़ावा देने में किया जाएगा।
नए कॉलेज को दो प्रमुख डिवीजन में बांटा जाएगा। पहला डिवीजन ऑफ एप्लाइड इंटेलिजेंस एंड इंफॉर्मेटिक्स होगा, जो इंटेलिजेंट सिस्टम के निर्माण और इस्तेमाल पर काम करेगा। दूसरा डिवीजन ऑफ इंफॉर्मेशन एंड लर्निंग एप्लीकेशन होगा, जो इंसानी और संस्थागत स्तर पर जानकारी और AI सिस्टम के प्रभाव का अध्ययन करेगा।
विकास और अनुराधा सिन्हा का संबंध आंध्र प्रदेश के कुरनूल से है। दोनों ने श्री वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी और जी पुल्ला रेड्डी इंजीनियरिंग कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इसके बाद दोनों उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका पहुंचे।
विकास सिन्हा ने फ्लोरिडा अटलांटिक यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट डिग्री हासिल की और बाद में नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी में पढ़ाई जारी रखी। साल 2023 में उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ टेक्सास से पीएचडी पूरी की। वर्तमान में वह ब्रॉडकॉम में मेनफ्रेम सॉफ्टवेयर डिवीजन के वाइस प्रेसिडेंट हैं।
University of North Texas अमेरिका की एक प्रमुख पब्लिक रिसर्च यूनिवर्सिटी है। टेक्सास के डेंटन और फ्रिस्को कैंपस के जरिए यहां करीब 44 हजार छात्र पढ़ाई करते हैं। यूनिवर्सिटी में 230 से अधिक डिग्री प्रोग्राम संचालित होते हैं और पिछले साल यहां 13 हजार से ज्यादा डिग्रियां प्रदान की गई थीं।
Location : New Delhi
Published : 10 September 2026, 12:03 PM IST
Topics : AI college AI research hub Anuradha and Vikas Sinha Indian couple donates 20 million dollars University of North Texas
No related posts found.