IND vs NZ: कपिल देव का छलका दर्द: सिराज को बाहर रखने पर भड़के सवाल, कैफ भी हैरान

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भी मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने पर चयन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने सिराज के बाहर होने पर दुख जताया है। वहीं, मोहम्मद कैफ ने भी टीम मैनेजमेंट के फैसले पर हैरानी जताते हुए विदेशी मैदानों पर सिराज की अहमियत बताई है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 29 November 2026, 1:49 PM IST
google-preferred

New Delhi: भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मुकाबले के बीच मोहम्मद सिराज को लेकर नई बहस छिड़ गई है। पहले टेस्ट में भारतीय गेंदबाजों के संघर्ष के बावजूद सिराज को दूसरे मुकाबले की प्लेइंग इलेवन में भी जगह नहीं मिली। विदेशी मैदानों पर शानदार प्रदर्शन करने वाले सिराज को लगातार दो मुकाबलों से बाहर रखने के फैसले पर अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर भी सवाल उठा रहे हैं। साल 1983 में भारत को विश्व कप जिताने वाले कप्तान कपिल देव ने इस फैसले पर दुख जताया है। वहीं, मोहम्मद कैफ ने भी टीम चयन पर हैरानी जाहिर की है।

सिराज को लेकर क्या बोले कपिल देव?

पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने मोहम्मद सिराज को खेलने का मौका नहीं मिलने पर निराशा जाहिर की है। उन्होंने सिराज के जज्बे और क्रिकेट के प्रति उनके उत्साह की तारीफ भी की।

कपिल देव ने कहा, 'मुझे भी इस बात का बहुत दुख है कि वह टीम में नहीं है। वह बहुत ही जोशीला और उत्साही लड़का है।'

कपिल देव का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारतीय गेंदबाजी संयोजन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पहले मुकाबले में मौका नहीं मिलने के बाद उम्मीद थी कि सिराज को क्राइस्टचर्च टेस्ट में शामिल किया जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

विदेशी मैदानों पर शानदार हैं सिराज के आंकड़े

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 32 वर्षीय मोहम्मद सिराज ने मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में SENA देशों में 11 टेस्ट मुकाबलों में 43 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान वह इन देशों में भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं।

SENA देशों में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। इन देशों में सिराज का प्रदर्शन उनके चयन की दावेदारी को मजबूत बनाता है। इसके बावजूद न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में उन्हें एक भी मुकाबला खेलने का अवसर नहीं मिला। यही वजह है कि उनके चयन को लेकर पूर्व क्रिकेटर सवाल उठा रहे हैं।

मोहम्मद कैफ ने टीम मैनेजमेंट के फैसले पर उठाए सवाल

पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के फैसले पर हैरानी जताई है। कैफ का मानना है कि विदेशी टेस्ट दौरों पर जसप्रीत बुमराह के साथ मोहम्मद सिराज का नाम सबसे पहले चुना जाना चाहिए।

कैफ ने लिखा, 'यह यकीन करना मुश्किल है कि भारत के प्रमुख तेज गेंदबाजों में से एक मोहम्मद सिराज को फिर से बाहर कर दिया गया है। विदेशी टेस्ट दौरों पर जसप्रीत बुमराह के साथ सिराज का नाम सबसे पहले चुना जाना चाहिए।'

कैफ ने भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल के बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि खुद मोर्कल ने सिराज को विश्वस्तरीय गेंदबाज बताया था और उनकी गेंदबाजी की तारीफ की थी। अब कपिल देव और मोहम्मद कैफ की प्रतिक्रियाओं के बाद सिराज को मौका नहीं मिलने का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

Location :  New Delhi

Published :  29 November 2026, 1:49 PM IST

Advertisement