खाद्य संकट या दामों का दबाव! अमेरिका को 32 साल बाद रूस से आयात करने पड़े अंडे, जानें आखिर क्यों?

रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाने वाला अमेरिका अब खुद उसी से अंडे आयात करने पर मजबूर हो गया है। जुलाई 2025 में अमेरिका ने रूस से 4.55 लाख डॉलर के अंडे खरीदे। यह आयात 32 साल बाद हुआ है। देश में बर्ड फ्लू से पोल्ट्री उद्योग तबाह होने के कारण अंडों की किल्लत गहराई।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 6 September 2025, 5:02 PM IST
google-preferred

Washington: अमेरिका, जो पिछले तीन वर्षों से रूस पर सख्त आर्थिक और राजनीतिक प्रतिबंध लगाकर उसे अलग-थलग करने की कोशिश कर रहा है, अब खुद रूसी उत्पाद खरीदने के लिए मजबूर हो गया है। ताजा मामला मुर्गी के अंडों का है। अमेरिकी सांख्यिकीय सेवा के आंकड़ों का हवाला देते हुए रूसी सरकारी एजेंसी RIA नोवोस्ती ने बताया कि जुलाई 2025 में अमेरिका ने रूस से लगभग 4.55 लाख डॉलर (करीब 3.8 करोड़ रुपये) मूल्य के अंडे आयात किए।

यह स्थिति खास इसलिए है क्योंकि 1992 के बाद यह पहली बार है जब अमेरिका ने रूस से अंडे खरीदे हैं। यानी पूरे 32 साल बाद यह व्यापारिक लेन-देन हुआ है।

बर्ड फ्लू से तबाह हुआ अमेरिका

अमेरिका में 2025 की शुरुआत में बर्ड फ्लू का गंभीर प्रकोप फैला, जिसने लाखों मुर्गियों की जान ले ली। इस महामारी के कारण पोल्ट्री उद्योग को भारी नुकसान हुआ और अंडों की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी 2025 तक हालात इतने खराब थे कि कई सुपरमार्केट्स ने अंडों की खरीद पर सीमा तय कर दी। एक दर्जन अंडों की कीमत 7 डॉलर तक पहुंच गई, जो आम उपभोक्ता के लिए बड़ी मार थी।

Bird flu devastated American poultry industry

बर्ड फ्लू से तबाह हुआ अमेरिकी पोल्ट्री उद्योग

जुलाई 2025 में भी अंडों की कीमतें पिछले वर्ष की तुलना में 16.4 प्रतिशत अधिक रहीं। यही कारण है कि अमेरिका को रूस जैसे देश से आयात करने पर मजबूर होना पड़ा, जिस पर उसने खुद कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए हुए हैं।

America: CSPA की नियमावली में बाइडेन प्रशासन का बड़ा बदलाव, जानिए भारतीयों इससे क्या है फायदा

बाइडेन प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने इस संकट के लिए पूर्व बाइडेन प्रशासन को जिम्मेदार बताया। उनका आरोप है कि बाइडेन सरकार ने पद छोड़ने से पहले करीब 80 लाख मुर्गियों की अकारण कुर्बानी दी, जिससे पोल्ट्री सेक्टर पूरी तरह लड़खड़ा गया और मौजूदा संकट गहराया।

रूस पर प्रतिबंध और फिर भी व्यापार

फरवरी 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद अमेरिका और यूरोपीय देशों ने रूस पर कड़े आर्थिक, वित्तीय और कूटनीतिक प्रतिबंध लगाए। उद्देश्य रूस की अर्थव्यवस्था को कमजोर करना और उसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर अलग-थलग करना था।

हालांकि, पाबंदियों के बावजूद अमेरिका और रूस के बीच व्यापार पूरी तरह बंद नहीं हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में अमेरिका ने रूस से लगभग 3 अरब डॉलर के सामान आयात किए। इनमें प्रमुख रूप से उर्वरक (927 मिलियन डॉलर), यूरेनियम और प्लूटोनियम (755 मिलियन डॉलर) और कीमती धातुएं जैसे पैलेडियम शामिल थे।

ट्रंप का बड़ा ऐलान: रूस से तेल खरीद पर अमेरिका सख्त, क्या भारत झुकेगा या डटकर देगा जवाब?

पिछले तीन वर्षों में भले ही अमेरिका-रूस व्यापार 90 प्रतिशत तक गिर गया हो, लेकिन यह पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। अब अंडों का नया आयात यह दर्शाता है कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका को भी रूस पर निर्भर होना पड़ सकता है।

Location :