Valentines Day 2026: वेलेंटाइन डे का नाम आखिर वेलेंटाइन क्यों पड़ा, पढ़ें वेलेंटाइन डे से जुड़ी यह रोचक कहानी

हर साल की 14 फरवरी को आने वाला वेलेंटाइन डे, प्रेमी जोड़ों द्वारा अपने प्रेम को प्रदर्शित करने वाले दिन के रूप में मनाया जाता है लेकिन क्या आप जानते हैं वेस्टर्न कल्चर में इसकी शुरुआत कब से हुई और इसको मनाने की क्या है वजह, पढ़ें खबर में आगे..

Updated : 4 February 2026, 8:41 PM IST

New Delhi: हर साल 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे मनाया जाता है। यह दिन प्रेम, दोस्ती और अपनापन जताने का खास मौका माना जाता है। इस दिन का नाम संत वैलेंटाइन के नाम पर रखा गया है, जो प्यार और काइंडनेस के लिए जाने जाते हैं। पश्चिमी देशों से शुरू हुआ यह त्योहार अब भारत में भी खासकर युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो गया है।

प्यार के लिए की राजा से बगावत

संत वैलेंटाइन तीसरी शताब्दी में रोम में रहने वाले एक ईसाई पादरी (पुजारी) थे। उस समय रोमन सम्राट क्लॉडियस द्वितीय का मानना था कि अविवाहित युवक बेहतर सैनिक बनते हैं। इसलिए उसने युवाओं की शादी पर रोक लगा दी थी।
संत वैलेंटाइन को यह नियम गलत लगा। वे प्रेम और विवाह में विश्वास रखते थे। उन्होंने चोरी-छिपे युवाओं की शादी करानी शुरू कर दी। जब सम्राट को इस बात का पता चला तो उन्होंने संत वैलेंटाइन को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया।
कहा जाता है कि जेल में रहते हुए भी वे लोगों की मदद करते रहे। कुछ कथाओं के अनुसार, उन्होंने जेलर की बेटी की आंखों की रोशनी लौटाई और उससे दोस्ती हो गई। फांसी से पहले उन्होंने उसे एक पत्र लिखा, जिस पर हस्ताक्षर थे – “From your Valentine” (तुम्हारे वैलेंटाइन की ओर से)। 14 फरवरी को उन्हें फांसी दी गई। इसी कारण यह दिन उनके बलिदान की याद में मनाया जाता है।

वैलेंटाइन डे क्यों मनाया जाता है?

14 फरवरी को संत वैलेंटाइन की याद में वैलेंटाइन डे मनाया जाता है। धीरे-धीरे यह दिन प्रेम और रोमांस का प्रतीक बन गया। पहले लोग इस दिन कार्ड, फूल, चॉकलेट और तोहफे देकर अपनी भावनाएं जताते थे। आज यह दिन सिर्फ प्रेमी जोड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि दोस्ती, परिवार और आपसी स्नेह को भी समर्पित माना जाता है।

इंडिया एंड वैलेंटाइन

इंडिया में वैलेंटाइन डे मनाने का कल्चर 90 के दशक से माना जाता है। 90 के दशक में वैश्वीकरण की शुरुआत और सिनेमा द्वारा यह युवाओं में खासा लोकप्रिय हो गया। युवाओं में इसके क्रेज को लेकर भारत में दक्षिणपंथी संगठनों द्वारा इसका विरोध भी किया जाता रहा है।

अगर आप भी वैलेंटाइन मनाने वाले हैं तो ध्यान रखें

वैलेंटाइन डे 2026 की तैयारी शुरू करने के लिए सबसे पहले बजट तय करें, फरवरी की शुरुआत में ही रेस्टोरेंट या अन्य अनुभव बुक कर लें और 7-10 फरवरी तक उपहार, फूल या व्यक्तिगत उपहार ऑर्डर कर दें ताकि आखिरी समय में होने वाली परेशानी से बचा जा सके। घर पर बने खाने, मनपसंद प्लेलिस्ट या खुद से बनाई गई चीज़ों जैसी रोमांटिक चीजें प्लान करके आप अपने वैलेंटाइन को शानदार मना सकते हैं।

 

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 4 February 2026, 8:41 PM IST