
अभिनेत्री अकांक्षा दुबे (Img: Google)
Mumbai: भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे (Akanksha Dubey) की संदिग्ध मौत मामले में आज बड़ा दिन माना जा रहा है। इलाहाबाद हाई कोर्ट (Allahabad High Court) अभिनेत्री की मौत की सीबीआई जांच कराने की मांग वाली याचिका पर फैसला सुनाने वाला है। इस मामले को लेकर तीन वर्षों से लगातार सवाल उठते रहे हैं।
जस्टिस सिद्धार्थ की अगुवाई वाली खंडपीठ इस याचिका पर सुनवाई करेगी। अभिनेत्री की मां मधु दुबे ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर दावा किया है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसकी हत्या हुई थी। इसी आधार पर उन्होंने मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग की है।
आकांक्षा दुबे की मां का आरोप है कि पुलिस जांच पूरी तरह निष्पक्ष नहीं रही। उनका कहना है कि कई महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज किया गया और मामले को जल्दबाजी में आत्महत्या बताने की कोशिश हुई।
याचिका में कहा गया कि अगर स्वतंत्र एजेंसी से जांच होती है तो मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सकती है। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने कोर्ट में पक्ष रखा। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार और CBI से भी इस मामले में जवाब मांगा गया था। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाई कोर्ट ने 4 मई को फैसला सुरक्षित रख लिया था।
26 मार्च 2023 को वाराणसी के सारनाथ इलाके स्थित एक होटल के कमरे में आकांक्षा दुबे का शव संदिग्ध हालत में मिला था। पुलिस के अनुसार अभिनेत्री का शव कमरे में पंखे से लटका मिला था। घटना के बाद सामने आए एक सीसीटीवी फुटेज ने मामले को और रहस्यमय बना दिया था। फुटेज में एक व्यक्ति, जिसकी पहचान संदीप सिंह के रूप में हुई, आकांक्षा को होटल के कमरे तक ले जाता दिखाई दिया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया था कि भोजपुरी सिंगर समर सिंह और आकांक्षा दुबे के बीच करीबी संबंध थे। हालांकि अभिनेत्री की मां ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया था।
आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि दोनों उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे और जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसके बाद 6 अप्रैल 2023 को समर सिंह को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया था।
हालांकि करीब सात महीने जेल में रहने के बाद समर सिंह को इलाहाबाद हाई कोर्ट से जमानत मिल गई थी।
Location : Mumbai
Published : 8 May 2026, 9:24 AM IST