हिंदी
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी चुनावी यात्रा की शुरुआत कर दी है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आज से प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे, जबकि अरविंद केजरीवाल और अन्य शीर्ष नेता भी आगामी दिनों में चुनाव प्रचार करेंगे।
बेगूसराय में संजय सिंह करेंगे प्रचार
Patna: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपना चुनावी अभियान जोर-शोर से शुरू कर दिया है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आज से बिहार में चुनावी प्रचार की शुरुआत की और इसके साथ ही बिहार में पार्टी के चुनावी प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत हो गई। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. शशिकांत ने बताया कि छठ महापर्व के बाद अब आम आदमी पार्टी ने अपनी पूरी ताकत के साथ जनसंपर्क और संगठनात्मक स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, संजय सिंह 30 अक्टूबर से 6 नवंबर तक बिहार में रहेंगे और इस दौरान वह विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सभाएं और रोड शो करेंगे। पार्टी नेताओं ने बताया कि संजय सिंह के साथ बिहार प्रभारी अजेश यादव, सह प्रभारी अभिनव राय और प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव भी होंगे। वे सभी पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करने के बाद सीधे बेगूसराय के लिए रवाना होंगे, जहां वह पार्टी उम्मीदवार डॉ. मीरा सिंह के पक्ष में रोड शो करेंगे। इस रोड शो के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं का भव्य स्वागत किया जाएगा।
बिहार चुनाव से जुड़ी बड़ी खबर: NDA उम्मीदवार और विधायक पर जानलेवा हमला, कई लोग गिरफ्तार
संजय सिंह के बेगूसराय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत करने की तैयारी की है। वह स्थानीय लोगों से मुलाकात करेंगे और आम आदमी पार्टी के विजन को साझा करेंगे। इसके साथ ही वह पार्टी के स्थानीय नेताओं से मुलाकात करके संगठनात्मक समीक्षा करेंगे और आगामी चुनावी चरणों के लिए प्रचार अभियान को लेकर सुझाव देंगे। इस अभियान से पार्टी को उम्मीद है कि कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का भी बिहार दौरा 6 नवंबर से पहले प्रस्तावित है। केजरीवाल के साथ मनीष सिसोदिया और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जैसे दिग्गज नेता भी बिहार में चुनाव प्रचार करेंगे। इन नेताओं की सभाओं और रोड शो की विस्तृत जानकारी जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी। पार्टी का मानना है कि इन नेताओं के प्रचार से पार्टी को बिहार में मजबूती मिलेगी।
Bihar Election 2025: सियासी पारा बढ़ेगा! PM मोदी, अमित शाह और राहुल गांधी की ताबड़तोड़ रैलियां आज
आम आदमी पार्टी का चुनावी अभियान 30 अक्टूबर से 9 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान पार्टी के स्टार प्रचारक बिहार के विभिन्न जिलों में जाकर उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगे। पार्टी के प्रवक्ता डॉ. शशिकांत ने कहा, "यह अभियान बिहार की जनता के बीच एक नई राजनीतिक संस्कृति और साफ-सुथरी राजनीति का संदेश देने वाला होगा। हम अपने दिल्ली और पंजाब मॉडल के अनुभव को बिहार में लागू करेंगे, विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के मुद्दों पर।"
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा, जिसमें 121 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसके बाद 11 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान होगा, जिसमें 122 सीटों पर चुनाव होंगे। 14 नवंबर को सभी 243 सीटों के नतीजे घोषित किए जाएंगे। आम आदमी पार्टी इस चुनाव में 99 सीटों पर अपनी ताकत आजमा रही है।