
प्रतीकात्मक छवि
Lucknow: लखनऊ के बख्शी का तालाब क्षेत्र स्थित तेजस हॉस्पिटल में भर्ती 19 वर्षीय युवती ने इलाज कर रहे डॉक्टर विजय कुमार गिरि पर नशीला इंजेक्शन देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में ले लिया।
पीड़िता बख्शी का तालाब क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है और एक प्राइवेट कॉलेज के हॉस्टल में रहकर डिप्लोमा कोर्स कर रही है। परिजनों के मुताबिक युवती की तबीयत खराब होने पर पहले दुबग्गा के एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया था। बाद में मंगलवार शाम हालत बिगड़ने पर परिचित की मदद से उसे तेजस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
युवती का आरोप है कि बुधवार दोपहर डॉक्टर उसे ऑक्सीजन पाइप डालने के बहाने ऑपरेशन थिएटर (OT) में ले गए। वहां इंजेक्शन लगाने के बाद वह अचेत हो गई। होश आने पर उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। पीड़िता के अनुसार गुरुवार को फिर उसे OT ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने नर्स और उसकी बहन को बाहर भेजकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और अर्ध बेहोशी की हालत में उसके साथ गलत काम किया।
OT से बाहर आने के बाद युवती ने पूरी घटना अपनी बहन को बताई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही बख्शी का तालाब पुलिस मौके पर पहुंची और युवती से पूछताछ की। पीड़िता ने बुधवार और गुरुवार दोनों दिन हुई घटनाओं की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने आरोपी डॉक्टर विजय कुमार गिरि को अस्पताल से ही हिरासत में ले लिया। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने अस्पताल से कई नमूने एकत्र किए। एसीपी विकास पांडेय ने बताया कि युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी डॉक्टर तेजस हॉस्पिटल को किराये पर लेकर संचालित कर रहा था। वह पहले से शादीशुदा है और झांसी के एक निजी कॉलेज से BAMS की पढ़ाई कर चुका है। फिलहाल पुलिस ने अस्पताल के OT को सील कर दिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
, Hospital Crime News, Doctor Arrested Lucknow,
Location : Lucknow
Published : 21 May 2026, 7:31 PM IST