
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई
चंडीगढ़: कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ चल रहे 2012 के डीएवी कॉलेज हिंसा और गोलीकांड मामले में मंगलवार को चंडीगढ़ जिला अदालत में सुनवाई हुई। इस दौरान लॉरेंस बिश्नोई को गुजरात की साबरमती जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया गया।
हालांकि, इस मामले में एक बार फिर गवाहों के पेश नहीं होने के कारण सुनवाई आगे नहीं बढ़ सकी। अदालत ने अब अगली सुनवाई के लिए 21 सितंबर की तारीख तय की है।
अदालत में सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता और अन्य गवाह मौजूद नहीं रहे। बताया जा रहा है कि काफी समय से इस केस के गवाह कोर्ट में पेश नहीं हो रहे हैं। वहीं, अदालत की ओर से भेजे जा रहे समन भी गवाहों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
गवाहों की अनुपस्थिति के चलते मामले की कार्रवाई लगातार प्रभावित हो रही है और सुनवाई आगे नहीं बढ़ पा रही है।
यह मामला 12 जून 2012 का है। उस समय चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज में स्टार नाइट कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान PUSU और SOPU समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी।
आरोप है कि इस दौरान लॉरेंस बिश्नोई और उसके साथियों ने PUSU समर्थकों पर हमला किया और गोलीबारी की। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मौजूदा समय में लॉरेंस बिश्नोई गुजरात की साबरमती जेल में बंद है। सुरक्षा कारणों से उसे अदालत में प्रत्यक्ष पेश करने के बजाय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया जा रहा है।
Location : New Delhi
Published : 27 August 2026, 7:06 PM IST
Topics : Chandigarh Court News DAV College Chandigarh Firing Case Lawrence Bishnoi Chandigarh Case Lawrence Bishnoi News Lawrence Bishnoi Video Conferencing