खाकी का खौफ और बदमाशों का अंत, महिला की एक निशानी छीनने वालों को पुलिस ने ऐसे सिखाया सबक

मुजफ्फरनगर के रामराज थाना क्षेत्र में महिला से लॉकेट छीनने की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस और एसओजी टीम ने मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 September 2026, 5:51 PM IST

Muzaffarnagar: रामराज थाना क्षेत्र में महिला से लॉकेट छीनने की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रामराज पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने सोमवार को मुठभेड़ के बाद आरोपियों को दबोचा। इस दौरान एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

महिला से छीना गया था लॉकेट 

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि 10 सितंबर को महमूदपुर मंगूर के जंगल में प्राथमिक विद्यालय के पास एक महिला से लॉकेट छीना गया था। मामले में थाना रामराज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल बदमाश रामराज की ओर आने वाले हैं।

यह भी पढ़ें - Muzaffarnagar: विश्वकर्मा जयंती से पहले फिर बढ़ा विवाद, शोभायात्रा की कमान को लेकर आमने-सामने दो गुट

अहमदवाला तिराहे पर चेकिंग शुरू

सूचना पर रामराज पुलिस और एसओजी देहात की टीम ने अहमदवाला तिराहे पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की टीवीएस राइडर बाइक पर तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने बाइक दौड़ाने के साथ पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

घायल आरोपी की हुई पहचान

घायल आरोपी की पहचान शहिद पुत्र शौकीन अहमद निवासी कुन्दन कालोनी, अफजलगढ़, बिजनौर के रूप में हुई है। उसके साथ गिरफ्तार राशिद पुत्र मौ. तारिक और मौ. फिरोज पुत्र महमूद, दोनों अफजलगढ़, बिजनौर के निवासी हैं।

यह भी पढ़ें - Muzaffarnagar Police Encounter: छपार कांड में बड़ा एक्शन, दो फरार आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली

मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई जारी 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला से छीना गया पीली धातु का लॉकेट, दो तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक चाकू और बिना नंबर प्लेट की टीवीएस राइडर बाइक बरामद की है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। पूछताछ के दौरान जिले और आसपास के जनपदों में हुई अन्य लूट की घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ रामराज थाने में संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  14 September 2026, 5:51 PM IST