
मुजफ्फरनगर की पारिजात पेपर मिल में हादसा (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में भोपा रोड स्थित पारिजात पेपर मिल में एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान भोकरहेड़ी निवासी 50 वर्षीय अरविंद शर्मा के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 15 वर्षों से पेपर मिल में काम कर रहे थे। परिजनों ने फैक्ट्री के भीतर मारपीट और हत्या की आशंका जताते हुए प्रबंधन से जवाब मांगा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के मुताबिक, अरविंद शर्मा रात करीब 10 बजे फैक्ट्री में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें गंभीर चोट लग गई। इसके बाद फैक्ट्री के दो कर्मचारी उन्हें बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
फैक्ट्री गेट पर परिजनों का जोरदार धरना (Img: Dynamite News)
परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री के कर्मचारी अरविंद शर्मा को अस्पताल में छोड़कर चले गए और परिवार को घटना की जानकारी भी काफी देर बाद दी गई। मृतक के सिर पर गंभीर चोट होने के कारण परिजनों ने फैक्ट्री के अंदर मारपीट किए जाने और हत्या की आशंका जताई है।
Muzaffarnagar News: सड़क बनी या भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी? चार दिन में उखड़ने लगा भोपा-बहड़ा मार्ग
परिवार का यह भी कहना है कि घटना के बाद से फैक्ट्री प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी उनसे मिलने नहीं पहुंचा। इसी बात को लेकर परिजन सुबह से फैक्ट्री के बाहर धरने पर बैठे हैं और मालिक व प्रबंधन से घटना के संबंध में जवाब मांग रहे हैं।
मामले में नई मंडी कोतवाली प्रभारी आनंद देव मिश्रा के मुताबिक, पुलिस को अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल परिजन निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही अरविंद शर्मा की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
Location : Muzaffarnagar
Published : 1 November 2026, 4:23 PM IST