
मिर्जापुर पुलिस के हत्थे चढ़ा बिहार का शातिर गैंग (Img: Dynamite News)
Mirzapur: मिर्जापुर में सर्राफा दुकान में चोरी के मामले की जांच करते हुए पुलिस ने कथित अंतरराज्यीय गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से करीब 65 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य दिन में सामान बेचने के बहाने इलाकों की रेकी करते थे और रात के अंधेरे में दुकानों तथा घरों को निशाना बनाते थे।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को रोहित कुमार विश्वकर्मा निवासी चिनियहवा इनारा, डंकीनगंज ने थाना कोतवाली कटरा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपनी दुकान से रात के समय आभूषण चोरी होने की जानकारी दी थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 268/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
Mirzapur: गोवध और पशु क्रूरता के मामले से जुड़ा आरोपी गिरफ्तार, 15 हजार का था इनाम
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटना का जल्द खुलासा करने और चोरी गए सामान की बरामदगी के निर्देश दिए थे। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कोतवाली कटरा पुलिस, एसओजी तथा सर्विलांस की संयुक्त टीम ने जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम खरवार, प्रेम मांझी, प्रेम खरवार, राजकुमार खरवार, चैम्पियन कुमार, बीरेन्द्र कुमार, विकास कुमार और आनन्द कुमार खरवार के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के कैमूर, भोजपुर और रोहतास जिलों के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए गए हैं।
Mirzapur: हाईकोर्ट के जज के घर चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गैंग के 5 सदस्य गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और प्रयागराज समेत विभिन्न जिलों में रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों के आसपास ठहरते थे। दिन में शहद या खिलौने बेचने के बहाने घरों और सर्राफा दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में चोरी की वारदात को अंजाम देकर आभूषण और नकदी लेकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 65 लाख रुपये के आभूषण बरामद करने का दावा किया है। बरामद सामान में 585 जोड़ी चांदी की पायल, छह पैजनी, 1,316 मीना, बच्चों के 106 चुड़ले, अंगूठियां, राखियां, चेन और करधनी शामिल हैं। इसके अलावा सोने के आभूषणों में 10 ज्यूतिया, दो चेन, 11 अंगूठियां, एक लॉकेट, तीन ओम, एक झुमका और एक मांगटीका बरामद किया गया है। चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों में तीन रम्भा, तीन छेनी, एक पेचकस, पांच प्लास, एक हथौड़ा और एक कटर शामिल हैं।
Mirzapur: मंत्री ने गिनाईं सरकारी खरीद नीति की खूबियां, तो कर्मचारियों ने खोल दी समस्याओं की फाइल
इस कार्रवाई में कोतवाली कटरा के प्रभारी निरीक्षक नीरज पाठक, एसओजी प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह और सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सेठ के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर ने कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस अब बरामद आभूषणों के स्रोत और अन्य संभावित वारदातों में आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
Location : Mirzapur
Published : 26 October 2026, 4:31 PM IST