
जैतपुर गौसपुर बना अखाड़ा (Img: Google)
Gorakhpur: गोरखपुर गीडा थाना क्षेत्र के जैतपुर टोला गौसपुर में जमीन के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद मंगलवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर 17 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी कुर्बान अली ने करीब एक वर्ष पूर्व गांव के ही एक व्यक्ति को जमीन खरीदने के लिए 1 लाख 10 हजार रुपये दिए थे। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही पैसा वापस किया गया। पीड़ित पक्ष लगातार अपने रुपये की मांग कर रहा था, लेकिन आरोपी टालमटोल करता रहा।
Gorakhpur: राप्ती नदी बनती जा रही ‘मौत का जाल’, फिर डूबे मासूम, मचा कोहराम
मंगलवार को जब आरोपी रास्ते से गुजर रहा था, तभी पीड़ित के भाई ने उससे बकाया रकम की मांग कर दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पक्ष के कई लोग लाठी-डंडे, लोहे की रॉड, सरिया, चाकू, फरसा और कुदाल जैसे घातक हथियारों के साथ मौके पर पहुंच गए और हमला बोल दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने पीड़ित के भाई को घेरकर बेरहमी से पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों को भी निशाना बनाया गया। इसी दौरान एक आरोपी ने लोहे की रॉड से सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। मारपीट में कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
घायलों को तत्काल पिपरौली सीएचसी ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव के कारण घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मजहर, जावेद, निहाल, शाहिज, मोहिज, शाहिद, आदिल, मंसूर, रमजान, सद्दाम, इंजाम, मंजूर अली, जफर समेत 17 नामजद और 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा, गंभीर चोट पहुंचाने तथा धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 17 June 2026, 5:09 PM IST