
शराब दुकान हटाने की उठी मांग (Img: Dynamite News)
Deoria: देवरिया के बरियारपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा गौरकोठी में प्रस्तावित शराब की दुकान के विरोध में शनिवार को ग्रामीणों और महिलाओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए शराब की दुकान को घनी आबादी और मुख्य मार्ग से दूर स्थानांतरित कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस स्थान पर शराब की दुकान खोले जाने की तैयारी की जा रही है, वह गांव का मुख्य सार्वजनिक मार्ग है। इसी रास्ते से प्रतिदिन छात्र-छात्राएं विद्यालय आते-जाते हैं, महिलाओं का आवागमन होता है तथा दर्जनों गांवों के लोग इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। उनका कहना है कि ऐसे स्थान पर शराब की दुकान खुलने से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है तथा कानून-व्यवस्था की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि संबंधित शराब की दुकान ग्राम सभा कुशहरी के नाम से आवंटित है, लेकिन वहां स्थानीय विरोध के कारण इसे ग्राम सभा गौरकोठी में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान अभी शुरू भी नहीं हुई है, फिर भी इसे लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है और कुछ लोगों द्वारा धमकियां भी दी जा रही हैं।
Deoria: अब इंतजार नहीं करेंगे! बिजली विभाग से परेशान युवाओं ने खुद ही कर डाला ये काम
ग्रामीणों ने मांग की कि जनहित,एव महिलाओं की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शराब की दुकान को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अयोध्या भगत, बृजकिशोर कुशवाहा, अशोक उपाध्याय, प्रेम नारायण मिश्र, बागेश्वरी मिश्र, अवनीश गिरी, अदिति उपाध्याय, मनभावती देवी, रबड़ी देवी, ज्ञांति देवी, कदमी देवी सहित सैकड़ों महिलाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। जिलाधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन शीघ्र उचित कार्रवाई करेगा और क्षेत्र की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए निर्णय लिया जाएगा।
Location : Deoria
Published : 4 July 2026, 4:44 PM IST