गुटखा थूकने से रोका तो भड़क गए कार सवार! बाइक सवार युवक से मारपीट, CCTV फुटेज से पकड़े गए 2 आरोपी

मीर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र में गुटखा थूकने के मामूली विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि अर्टिगा कार सवारों ने बाइक से जा रहे युवक पर गुटखा थूक दिया। युवक ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। शिकायत के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल अर्टिगा कार भी सीज कर दी गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 August 2026, 7:41 PM IST

Mirzapur: सड़क पर चलते समय गुटखा थूकने जैसी छोटी सी बात देखते ही देखते मारपीट और पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गई। मीरजापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवक के ऊपर कथित तौर पर गुटखा थूकने का विरोध करना उसे भारी पड़ गया। आरोप है कि अर्टिगा कार में सवार युवकों ने पहले युवक से गाली-गलौज की और फिर उसके साथ मारपीट कर दी। मामला पुलिस तक पहुंचा तो जांच शुरू हुई और CCTV फुटेज ने आरोपियों तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की पहचान अमन वर्मा और शिवा गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल अर्टिगा कार को भी सीज कर दिया है। यह कार्रवाई 29 अगस्त को की गई।

पटेंगरा नाला के पास हुआ था विवाद

घटना 26 अगस्त की रात विंध्याचल थाना क्षेत्र में पटेंगरा नाला के पास हुई थी। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार युवक विकास निषाद वहां से गुजर रहा था। इसी दौरान अर्टिगा कार में सवार कुछ लोगों ने गुटखा खाकर कथित तौर पर युवक के ऊपर थूक दिया। युवक ने जब इस हरकत का विरोध किया तो कार सवारों से उसका विवाद हो गया।

इधर तालियों का शोर, उधर लटका ताला और सूखे फूल; विंध्याचल के जोनल ऑफिस में अनोखा कारनामा

शिकायत के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

विकास निषाद पुत्र रामलखन निषाद, निवासी पुरानी वीआईपी मोतिया झील, थाना विंध्याचल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामला सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

CCTV से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मिले CCTV फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की गई।

जिस गाड़ी पर लिखा था ‘दिव्यांगों के लिए निःशुल्क’, वही अब झाड़ियों में सड़ रही! विंध्याचल में लाखों के संसाधनों का ये हाल क्यों?

अमन वर्मा और शिवा गुप्ता गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में अमन वर्मा पुत्र सुदामा निवासी छोटकी महुअरिया और शिवा गुप्ता पुत्र गौरी शंकर निवासी रेहड़ा चंगी, थाना विंध्याचल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को 29 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

घटना में इस्तेमाल अर्टिगा कार भी सीज

पुलिस ने सिर्फ दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी। घटना में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है। कार का नंबर UP63AU1223 बताया गया है। पुलिस की जांच में इसी वाहन के घटना में इस्तेमाल होने की बात सामने आई है।

Location :  Mirzapur

Published :  29 August 2026, 7:34 PM IST