UP News: खाई में गिरने से पहले ही जा चुकी थी जान? मरकुंडी घाटी में मिले दंपत्ति के शवों की हालत देख पुलिस भी हैरान

सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र की गहरी खाई में रविवार सुबह एक मोटरसाइकिल के पास पति-पत्नी के चार-पांच दिन पुराने सड़-गल चुके शव मिले। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 12 July 2026, 3:12 PM IST

Sonbhadra: सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र में रविवार सुबह आने वाली मरकुंडी घाटी में हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने एक गहरी खाई में मोटरसाइकिल के पास पति-पत्नी के शव देखे। दोनों शव बुरी तरह सड़-गल चुके थे, जिससे पता चलता है कि यह घटना चार-पांच दिन पहले हुई होगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस

सुबह घाटी के पास से गुजरने वाले लोगों ने खाई में दो शव और एक लाल मोटरसाइकिल देखी। तुरंत गुरमा पुलिस चौकी को सूचना दी गई। चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। स्थानीय लोगों की मदद और काफी मशक्कत के बाद पुलिस दोनों शवों को खाई से बाहर निकालने में सफल रही।

ये भी पढ़ें - Sonbhadra: जाको राखे साइयां मार सके न कोय, सोनभद्र के सरकारी अस्पताल में घुसा अनियंत्रित ट्रेलर

रॉबर्ट्सगंज के दंपत्ति के तौर पर पहचान

पुलिस जांच के दौरान मृतकों की पहचान रॉबर्ट्सगंज इलाके के बिच्छी गांव के रहने वाले 26 वर्षीय राहुल यादव और उनकी 24 वर्षीय पत्नी चंदा यादव के रूप में हुई। बताया गया कि चंदा का मायका सलखान गांव में है, जो चोपन थाना क्षेत्र में आता है। शवों की पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिससे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मौत का कारण पता नहीं चल सका। शवों की हालत को देखते हुए माना जा रहा है कि यह हादसा या घटना कई दिन पहले हुई थी।

ये भी पढ़ें - Sonbhadra Accident: Car vs Tanker टक्कर से उजड़ा परिवार, Ballia के रहने वाले महिला और ससुर की मौत; चार घायल

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

गुरमा चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश ने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि मामला सड़क दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई मौत का है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Sonbhadra

Published :  12 July 2026, 3:12 PM IST