हिंदी
STF ने दिल्ली से दबोचे दो इनामी मास्टरमाइंड
New Delhi: उत्तर प्रदेश में जीएसटी चोरी और फर्जी फर्मों के जरिए सरकारी राजस्व को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाने वाले नेटवर्क पर एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। संतकबीरनगर में दर्ज एक चर्चित मामले में 50-50 हजार रुपये के इनामी दो आरोपियों को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बोगस कंपनियां बनाकर नकली इनवॉइस और ई-वे बिल तैयार करते थे, जिससे वास्तविक कारोबारियों को इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ दिलाया जाता था और सरकार को भारी राजस्व हानि होती थी।
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ अग्रवाल और अजीत कुमार के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे और उनकी गिरफ्तारी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। एसटीएफ ने दोनों को 1 जून 2026 की शाम पश्चिमी दिल्ली के हरिनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
गोवा से लेकर नेपाल बॉर्डर तक फैला था नेटवर्क? UP STF ने दबोचा बड़ा तस्कर, खुल सकते हैं कई राज
दोनों आरोपी संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद थाने में दर्ज एक मामले में वांछित थे। इस मामले में पहले भी दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि सौरभ अग्रवाल और अजीत कुमार समेत अन्य आरोपी फरार हो गए थे। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया था।
पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी नई दिल्ली में अकाउंटेंसी और वित्तीय कार्यों से जुड़े थे। आरोप है कि वे अपने सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बोगस फर्में तैयार करते थे। इन फर्मों के नाम पर बिना किसी वास्तविक खरीद-बिक्री के नकली सेल्स इनवॉइस और ई-वे बिल बनाए जाते थे। बाद में इन्हें जीएसटी पोर्टल पर अपलोड कर फर्जी रिटर्न दाखिल किए जाते थे।
जांच एजेंसियों के मुताबिक इन फर्जी फर्मों के जरिए करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी की गई। आरोपियों द्वारा दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में कई बोगस फर्मों का नेटवर्क खड़ा किया गया था। इन फर्मों के माध्यम से कागजों पर कारोबार दिखाकर वास्तविक कंपनियों को टैक्स लाभ पहुंचाया जाता था, जबकि सरकार के राजस्व को भारी नुकसान होता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि फर्जी लेनदेन को वास्तविक दिखाने के लिए बैंक खातों का उपयोग किया जाता था। आरोपियों के पास कई फर्मों की लॉगिन आईडी और पासवर्ड मौजूद रहते थे, जिनकी मदद से वे ओटीपी प्राप्त कर लेनदेन और जीएसटी से जुड़ी गतिविधियों को संचालित करते थे।
Location : New Delhi
Published : 2 June 2026, 4:51 PM IST