
सहारनपुर हत्या फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Saharanpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने रिश्तों, प्यार और इंसानियत सभी को कटघरे में खड़ा कर दिया है। यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे एक युवक को दिनदहाड़े गोलियों से भून दिया गया। मृतक कोई आम युवक नहीं था, बल्कि उसका हाल ही में एसएसएफ (SSF) में चयन हुआ था और वह अपने सुनहरे भविष्य के सपने देख रहा था। लेकिन उन सपनों को चंद सेकेंड में गोलियों की बौछार ने हमेशा के लिए खत्म कर दिया।
प्रेम कहानी साल 2020 में शुरू
मृतक की पहचान शामली जिले के गांव खेड़ी बैरागी निवासी शिव कुमार के रूप में हुई है। शिव कुमार ने चार महीने पहले अपने प्यार आकांक्षा से परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। दोनों की प्रेम कहानी साल 2020 में शुरू हुई थी। आमने-सामने रहने वाले शिव और आकांक्षा एक-दूसरे को दिल दे बैठे। समय बीता और दोनों ने शादी का फैसला कर लिया, लेकिन लड़की के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था।
हाईकोर्ट से सुरक्षा
परिवार के विरोध के बावजूद दोनों ने 27 फरवरी को प्रयागराज स्थित आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद उन्हें जान का खतरा महसूस हुआ तो हाईकोर्ट से सुरक्षा भी मिली। परिजनों की धमकियों से परेशान होकर दोनों उत्तराखंड में रहने लगे और नई जिंदगी शुरू करने की कोशिश कर रहे थे।
शिव कुमार के पिता के मुताबिक, बेटे का एसएसएफ में चयन हो चुका था और 3 मार्च को उसका जॉइनिंग लेटर भी आ गया था। बस पोस्टिंग का इंतजार था। इसी बीच मंगलवार को शिव कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने सहारनपुर लेकर आया। आकांक्षा का परीक्षा केंद्र थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गोचर इंटर कॉलेज में था।
आरोप है कि आकांक्षा के परिवार को उनके आने की भनक लग चुकी थी। परीक्षा खत्म होने के बाद जैसे ही शिव और आकांक्षा अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से लौटने लगे, घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर गाड़ी के बिल्कुल करीब पहुंचे और खिड़की से सटाकर शिव कुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में शिव कुमार को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नैनी झील में सुबह-सुबह दिखा ऐसा मंजर कि दहशत में आ गए लोग, माल रोड पर मची अफरा-तफरी
घटना के बाद सबसे दर्दनाक बयान मृतक की पत्नी आकांक्षा का सामने आया है। रोती-बिलखती आकांक्षा ने अपने ही परिवार पर पति की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि उसके भाई ने शिव कुमार को गोली मारी। उसने दावा किया कि घटना के वक्त उसकी मां, बहन, जीजा और मामा धर्मवीर व कर्मवीर भी मौके पर मौजूद थे।
आकांक्षा का आरोप है कि उसके परिवार वाले शादी के बाद से लगातार उन्हें धमकियां दे रहे थे और दोनों की जान के पीछे पड़े हुए थे। उसने कहा कि हमलावर उसे भी मारना चाहते थे, लेकिन शिव कुमार उसके सामने ढाल बनकर खड़े हो गए और खुद गोलियों का शिकार हो गए।
किस जिले में कटे लाखों वोटर और कहां अचानक बढ़ गई संख्या? पंचायत चुनाव की नई सूची ने चौंकाया
चार महीने पहले जिस आकांक्षा ने सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की थी, आज वही अपने पति की लाश के सामने इंसाफ की गुहार लगा रही है। शादी के महज चार महीने बाद उसका सुहाग उजड़ गया। उधर घटना के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। आकांक्षा के पैतृक घर पर ताला लटका हुआ है और पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। लेकिन इस वारदात ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर प्यार करने की सजा मौत कब तक मिलती रहेगी? क्या ऑनर किलिंग के नाम पर रिश्तों का कत्ल यूं ही होता रहेगा, या फिर शिव कुमार को इंसाफ मिलेगा?
Location : New Delhi
Published : 11 June 2026, 2:13 PM IST
Topics : crime news Shiv Kumar Murder UP News