
मिर्जापुर में तालाब किनारे मिली रहस्यमयी पोटली (Img: Dynamite News)
Mirzapur: मिर्जापुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कछवां थाना क्षेत्र के ग्राम अनन्तपुर (तुलापुर) स्थित मोडिलहवा तालाब के किनारे संदिग्ध पोटली मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पोटली से अलग-अलग व्यक्तियों के कुल 31 पासपोर्ट बरामद हुए।
पुलिस ने सभी पासपोर्टों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
थाना कछवां पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 152/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 324, 319(2), 318(4) और पासपोर्ट एक्ट 1967 की धारा 12 में केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई। विवेचना के दौरान भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर ओमकार गुप्ता निवासी ग्राम जलालपुर और खाजा यादव निवासी पसियाही की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने वीजा बनवाने, पासपोर्ट नवीनीकरण कराने और विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर लोगों से पासपोर्ट लिए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कई पासपोर्ट लंबे समय से उनके पास रखे थे और अधिकांश की वैधता समाप्त हो चुकी थी।
पासपोर्ट धारकों को दस्तावेज वापस न करने के कारण आरोपियों ने सभी पासपोर्ट एक पोटली में बांधकर तालाब किनारे फेंक दिए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।
Location : Mirzapur
Published : 8 July 2026, 12:11 PM IST