Kanpur News : महिला को घर से सड़क तक घसीट ले गए 3 खूंखार कुत्ते, जानें डिलीवरी बॉय ने क्या किया तो बची जान

कानपुर चकेरी के फ्रेंड्स कॉलोनी में शनिवार शाम तीन पालतू रॉटवाइलर कुत्तों ने 55 वर्षीय महिला गीता पर हमला कर उन्हें बुरी तरह नोच डाला। डिलीवरी बॉय और स्थानीय युवकों ने पत्थर व बैट मारकर महिला की जान बचाई। शरीर पर 13 गहरे घावों के साथ महिला को गंभीर हालत में हैलट अस्पताल भर्ती कराया गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 June 2026, 4:40 PM IST

Kanpur: कानपुर के चकेरी इलाके में पालतू रॉटवाइलर कुत्तों के हमले ने खतरनाक नस्ल के कुत्तों की निगरानी और सुरक्षा नियमों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। शनिवार शाम फ्रेंड्स कॉलोनी में तीन रॉटविलर कुत्तों ने 55 वर्षीय महिला पर अचानक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर से निकलते ही महिला पर टूटा कहर

जानकारी के अनुसार, घाऊखेड़ा निवासी गीता घरेलू कामकाज और भोजन बनाने के संबंध में बातचीत करने के लिए फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित एक घर गई थीं। बातचीत के बाद जैसे ही वह वहां से बाहर निकलने लगीं, घर में मौजूद तीन रॉटविलर कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया। महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही कुत्तों ने उन्हें बुरी तरह नोचना शुरू कर दिया।

सड़क तक घसीट ले गए खूंखार कुत्ते

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुत्तों ने महिला के हाथ और पैरों को अपने जबड़ों में दबोच लिया और उन्हें खींचते हुए सड़क तक ले आए। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन कुत्तों के आक्रामक रवैये के कारण कोई तुरंत पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

Kanpur News: पीर बाबा’ के नाम पर ठगी, जानें कैसे दिया महिला को झांसा?

डिलीवरी बॉय और युवकों ने दिखाई बहादुरी

इसी बीच वहां से गुजर रहे एक डिलीवरी बॉय ने साहस दिखाते हुए कुत्तों पर पत्थर फेंके। मोहल्ले के कुछ युवकों ने भी बैट और विकेट लेकर कुत्तों को भगाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद महिला को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया जा सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कुछ मिनट और देरी होती तो स्थिति और भयावह हो सकती थी।

शरीर पर 13 गहरे घाव, हालत गंभीर

हमले में महिला के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं। उनके कपड़े तक फट गए और शरीर से काफी खून बहने लगा। परिजन पहले उन्हें कांशीराम अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर देखते हुए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार यह ग्रेड-3 डॉग बाइट का गंभीर मामला है और महिला के शरीर पर 13 गहरे घाव पाए गए हैं।

पहले भी लग चुके हैं हमले के आरोप

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ये कुत्ते पहले भी कई लोगों को घायल कर चुके हैं। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि कुछ माह पहले दो बच्चों पर भी हमला हुआ था। लोगों का कहना है कि कुत्तों को अक्सर खुला छोड़ दिया जाता है, जिससे महिलाएं और बच्चे भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं।

Kanpur News: शादी के नाम पर साइबर ठगी का पर्दाफाश, गिरोह फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर युवकों को फंसाता था अपने जाल में

जांच और कार्रवाई की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  kanpur

Published :  21 June 2026, 4:40 PM IST