Mainpuri Crime: दबंगों के हौसले बुलंद, अचानक घर में घुसकर जानलेवा हमला; इलाके में दहशत

मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरिया में दबंगों द्वारा एक दंपती पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हुए हमले में पति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पत्नी ने किसी तरह जान बचाई। ।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 6 February 2026, 1:26 PM IST

Mainpuri: जनपद के थाना बेवर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजुरिया में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए कि उन्होंने एक दंपती के घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़िता पूजा पत्नी ,  मुकेश कुमार ने बताया कि गांव के ही श्याम सिंह पुत्र अजयपाल, सर्वेश, सनी पुत्रगण श्याम सिंह और उमा पत्नी सर्वेश से उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि 5 फरवरी को उक्त सभी लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। जब पति-पत्नी ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।

कुल्हाड़ी से किया हमला

पीड़िता का आरोप है कि मारपीट से जान बचाकर वह थाने शिकायत दर्ज कराने जा रही थी, तभी रास्ते में आरोपियों ने उसके पति को घेर लिया। आरोप है कि दबंगों ने कुल्हाड़ी से जान से मारने की नीयत से पति के सिर पर हमला कर दिया। हमले से पति गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद पीड़िता किसी तरह घायल पति को लेकर थाना बेवर पहुंची। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवर भेजा।

Rudraprayag News: दहशत के बीच मिली राहत की खबर, पिंजरे में कैद हुआ ये खूंखार जानवर

परिजनों द्वारा गिरफ्तारी की मांग

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में घायल के सिर में 5 से 7 टांके लगाए गए हैं। पीड़िता का कहना है कि नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे वह और उसका परिवार भय के साए में जीने को मजबूर है। पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और कभी भी दोबारा हमला कर सकते हैं। उसने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

पीड़िता का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।

बलरामपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई: पति-ससुर को 10-10 साल की सजा, जानें क्या है मामले की जड़

Location : 
  • Mainpuri

Published : 
  • 6 February 2026, 1:26 PM IST