तार बिजली से पतले हमारे पिया! दूल्हे को देखते ही बदल गया दुल्हन का फैसला, बोली- इतना दुबला लड़का नहीं चाहिए…

यूपी में शादी के दो अलग-अलग मामलों ने लोगों को हैरान कर दिया। एक जगह दुल्हन ने फेरे से पहले ऐसा फैसला लिया कि बारात खाली हाथ लौट गई, जबकि दूसरी शादी में जयमाल के बाद दुल्हन अचानक गायब हो गई। आखिर इन दोनों घटनाओं के पीछे क्या हुआ और पुलिस को क्यों दखल देना पड़ा?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 June 2026, 3:10 PM IST

Auraiya: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक शादी उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब सभी रस्में लगभग पूरी हो चुकी थीं, लेकिन फेरे से ठीक पहले दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। वजह जानकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। दुल्हन का कहना था कि दूल्हा बेहद दुबला-पतला है और वह उसके साथ शादी नहीं करेगी। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच देर रात तक पंचायत चलती रही, लेकिन कोई हल नहीं निकला। आखिरकार बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।

इसी बीच उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से भी एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां जयमाल के बाद दुल्हन अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला और शादी रद्द करनी पड़ी।

धूमधाम से पहुंची थी बारात

पुलिस के मुताबिक, इटावा से बारात औरैया जिले के अछल्दा क्षेत्र के एक गांव में पहुंची थी। बारात का जोरदार स्वागत किया गया। द्वारचार की रस्म पूरी हुई और इसके बाद दूल्हा-दुल्हन ने मंच पर एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। परिवार और रिश्तेदार खुशी-खुशी फोटो खिंचवा रहे थे। ऐसा लग रहा था कि शादी बिना किसी रुकावट के पूरी हो जाएगी। लेकिन कुछ ही देर बाद माहौल अचानक बदल गया।

क्या इतनी बड़ी थी दुश्मनी? 7 साल के मासूम को लगा दिया पशुओं का इंजेक्शन, फिर जो हुआ उसने सबको झकझोरा

मजाक से शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि वरमाला के दौरान दुल्हन के भाई ने मजाक-मजाक में दूल्हे के गाल पर चिकोटी काट दी। यह बात दूल्हे को पसंद नहीं आई और उसने नाराज होकर उसे डांट दिया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही मिनटों में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग भी आमने-सामने आ गए। माहौल तनावपूर्ण हो गया और शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।

दुल्हन बोली- दूल्हा बहुत दुबला है, शादी नहीं करूंगी

इसी दौरान दुल्हन ने ऐसा फैसला लिया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। उसने साफ शब्दों में कहा कि दूल्हा बहुत दुबला-पतला है और वह उसके साथ शादी नहीं करना चाहती। दुल्हन के इस फैसले से दोनों परिवार हैरान रह गए। रिश्तेदारों और गांव के बुजुर्गों ने उसे समझाने की काफी कोशिश की। कई घंटों तक पंचायत भी चली, लेकिन दुल्हन अपने फैसले से पीछे नहीं हटी। आखिरकार शादी की रस्में रोक दी गईं और बारात को बिना दुल्हन लौटना पड़ा।

पुलिस पहुंची, लेकिन नहीं हुआ कोई समझौता

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर माहौल शांत कराया, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला खत्म कर दिया। किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई, इसलिए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।

Fatehpur: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला युवक… लेकिन एक सवाल ने पूरे गांव की नींद उड़ा दी

बस्ती में जयमाल के बाद अचानक गायब हो गई दुल्हन

उधर, बस्ती जिले के रूधौली थाना क्षेत्र के एक गांव में भी शादी समारोह के दौरान बड़ा घटनाक्रम सामने आया। यहां बारात पूरे रीति-रिवाज के साथ पहुंची थी। स्वागत, द्वारपूजा और जयमाल की रस्म पूरी हो चुकी थी। दूल्हा-दुल्हन ने मंच पर फोटो भी खिंचवाई। इसके बाद दुल्हन अपने कमरे में चली गई, जबकि बाराती भोजन करने लगे और फेरे की तैयारी शुरू हो गई। जब परिजन उसे मंडप में बुलाने पहुंचे तो वह कमरे में नहीं मिली।

छत के रास्ते निकलने की आशंका

परिवार के लोगों ने पूरे घर और आसपास उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। बाद में जानकारी मिली कि दुल्हन संभवतः छत के रास्ते कहीं चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती की तलाश शुरू कर दी। दोनों पक्ष बाद में थाने पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी। दुल्हन के नहीं मिलने के कारण विवाह की सभी रस्में रद्द करनी पड़ीं और बारात बिना शादी के वापस लौट गई।

Location :  Auraiya

Published :  27 June 2026, 3:10 PM IST