जेल में बंद विचाराधीन कैदी की अस्पताल में मौत, पीछे छूट गई पत्नी और 4 बच्चे, एक दिन पहले ही परिवार से हुई थी मुलाकात

कासगंज जिला जेल में बंद 45 वर्षीय विचाराधीन बंदी राजकुमार उर्फ भालू की शनिवार सुबह तबीयत बिगड़ने के बाद जिला अस्पताल में मौत हो गई। एक दिन पहले ही पत्नी और परिजनों ने उससे मुलाकात की थी। राजकुमार अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गया है। मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 14 November 2026, 1:54 PM IST

Kasganj: जिस पिता के घर लौटने का इंतजार पत्नी और चार बच्चे कर रहे थे, उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। कासगंज जिला जेल में बंद 45 वर्षीय राजकुमार उर्फ भालू की शनिवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। घबराहट की शिकायत के बाद जेल प्रशासन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सबसे दर्दनाक बात यह है कि एक दिन पहले ही पत्नी और परिवार के लोग उससे जेल में मिलने पहुंचे थे। उस समय उसकी तबीयत ठीक बताई जा रही थी।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। जिला कारागार में बंद 45 वर्षीय विचाराधीन बंदी राजकुमार उर्फ भालू की शनिवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि सुबह अचानक उसे घबराहट होने लगी और उसकी तबीयत बिगड़ गई। जेल प्रशासन को जब उसकी हालत खराब होने की जानकारी मिली तो उसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

कर्ज, नाकामियां और फिर पत्नी की संदिग्‍ध मौत: कासगंज रेलवे ट्रैक पर मिली रमादेवी की लाश से पति पर उठे गंभीर सवाल

तमंचे के साथ गिरफ्तार हुआ था राजकुमार

मृतक राजकुमार उर्फ भालू पुत्र रामप्रसाद कासगंज के पटियाली थाना क्षेत्र के गांव गोंडा का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक, करीब एक माह पहले सिढ़पुरा पुलिस ने उसे तमंचे के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था। वह जिला कारागार में विचाराधीन बंदी के रूप में बंद था। यानी उसके मामले में अभी न्यायालय का अंतिम फैसला नहीं आया था।

जेल में बंद कैदी की अस्पताल में मौत (IMG: Dynamite News)

शुक्रवार को पत्नी और परिजनों ने की थी मुलाकात

इस पूरे मामले में सबसे भावुक करने वाली बात यह है कि राजकुमार की मौत से ठीक एक दिन पहले यानी शुक्रवार को उसकी पत्नी श्यामा देवी और परिवार के अन्य सदस्य जिला कारागार में उससे मिलने पहुंचे थे। परिजनों के मुताबिक, मुलाकात के दौरान राजकुमार की तबीयत सामान्य थी। उसने उस समय किसी बड़ी परेशानी की शिकायत नहीं की थी। परिवार के लोग उससे मिलकर वापस लौट आए थे। लेकिन अगले ही दिन सुबह करीब आठ बजे जेल प्रशासन की ओर से फोन आया कि राजकुमार को घबराहट हो रही है और उसकी हालत बिगड़ गई है।

न रेट बोर्ड का पता और न स्टॉक रजिस्टर का हिसाब, कासगंज में कृषि विभाग की रेड से खाद विक्रेताओं में मचा हड़कंप

चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

राजकुमार अपने पीछे पत्नी श्यामा देवी और चार बच्चों को छोड़ गया है। परिवार में 17 वर्षीय बेटा अनिकेत, 13 वर्षीय बेटी सपना, 10 वर्षीय बेटी निषाद और सात वर्षीय बेटा अभी हैं। पिता की मौत के बाद चारों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। सबसे छोटे बच्चे की उम्र महज सात साल है। इतनी कम उम्र में बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाना परिवार के लिए बेहद मुश्किल घड़ी है।

जिला अस्पताल पहुंचे पुलिस अधिकारी

विचाराधीन बंदी की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह, सीओ सिटी आंचल चौहान और कासगंज थाना प्रभारी जगदीश चंद्र राजपूत जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल में पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान परिजनों और चिकित्सकों से भी बातचीत की गई। बंदी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई गई।

Location :  Kasganj

Published :  14 November 2026, 1:54 PM IST