
दिल्ली पुलिस की कार
New Delhi: राजधानी दिल्ली एक बार फिर अपराध की आग में झुलसती नजर आई। शनिवार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में दो दर्दनाक घटनाएं हुई, जिसने आम जनता को दहला कर रख दिया। एक तरफ जहां पारिवारिक विवाद में एक पिता ने पत्नी और बेटे को गोली मार दी, वहीं दूसरी तरफ मामूली कहासुनी ने एक स्कूली छात्र की जान ले ली।
मूंगा नगर में पति ने की गोलीबारी
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के थाना दयालपुर क्षेत्र के मूंगा नगर में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात हुई। जहां अब्दुल नाम के शख्स ने अपनी 40 वर्षीय पत्नी और 17 वर्षीय बेटे को गोली मार दी। घटना दोपहर करीब 1:43 बजे की है। सूचना मिलते ही दयालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घायल मां-बेटे को पहले ही जग प्रवेश चंद अस्पताल पहुंचाया जा चुका था।
लद्दाख हिंसा के पीछे सोनम वांगचुक का हाथ? डीजीपी ने लगाए पाक कनेक्शन और विदेशी फंडिंग के आरोप
जांच में सामने आया कि आरोपी अब्दुल मूल रूप से जहांगीरपुरी का रहने वाला है। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और पत्नी पिछले 2-3 महीनों से अपने माता-पिता के घर रह रही थी। आज अब्दुल उससे मिलने पहुंचा, बातचीत के दौरान झगड़ा हुआ और बात इतनी बढ़ गई कि उसने गुस्से में गोली चला दी। फिलहाल दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। अब्दुल फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। मामला IPC की संगीन धाराओं में दर्ज कर लिया गया है।
मंगोलपुरी में 15 साल के छात्र की हत्या
दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके से भी शनिवार को एक और खौफनाक वारदात की खबर आई, जहां कक्षा 10 के छात्र व्योम की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले व्योम का कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था। शुक्रवार सुबह व्योम ने आरोपियों की पिटाई कर दी थी, जिससे नाराज होकर उन्होंने दोपहर में अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया।
भाभी की कातिलाना अदा पर फिदा हुई ननद, शादी के 7 साल बाद दोनों ने उठाया ऐसा कदम, पुलिस भी परेशान
गवाहों के अनुसार व्योम को लात-घूंसे से बुरी तरह पीटा गया। उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान नहीं मिले, लेकिन अंदरूनी चोटों की वजह से उसकी हालत बिगड़ती गई। अस्पताल में इलाज के दौरान व्योम की मौत हो गई। पुलिस ने परिवार और स्कूल प्रशासन से पूछताछ शुरू कर दी है। वारदात के बाद आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
राजधानी में बढ़ते अपराध पर चिंता
दिल्ली में एक ही दिन में दो दर्दनाक वारदातों ने न सिर्फ राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि यह भी दर्शाया है कि घरेलू विवाद और किशोरों के बीच छोटी-छोटी बातों पर हिंसा किस कदर खतरनाक रूप ले चुकी है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में जांच जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Location : New Delhi
Published : 27 September 2025, 6:00 PM IST
Topics : Crime in Delhi Delhi Police Murder Case Wife Murder