
सीतापुर में प्रेम कहानी का हुआ दर्दनाक अंत! (img: X/ Sitapur Police)
Sitapur: सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया। शुक्रवार शाम से लापता एक युवक और युवती का शव शनिवार सुबह गांव के बाहर एक पेड़ से लटका मिला। दोनों के शव एक ही दुपट्टे के दो अलग-अलग फंदों के सहारे लटके हुए थे। सुबह ग्रामीण जब खेतों की तरफ पहुंचे तो पेड़ पर युवक-युवती के शव देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना संदना थाना क्षेत्र के रामपुर खेवटा गांव की है।
मृतकों की पहचान रामपुर खेवटा निवासी प्रियवंश (22) और रजनी (19) के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और काफी समय से उनके बीच संबंध थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम से दोनों अपने-अपने घर से लापता थे। परिवार वालों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह दोनों के शव गांव के बाहर खेत के पास एक पेड़ से लटके मिले।
घटनास्थल पर पुलिस को कुछ ऐसी चीजें भी मिलीं, जिनसे ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। मौके पर बिंदी, श्रृंगार का सामान और सिंदूर पड़ा मिला। युवती की मांग में भी सिंदूर भरा हुआ था। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों ने शायद मौत से पहले किसी तरह शादी करने की कोशिश की हो। हालांकि पुलिस अभी इस मामले में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार रजनी की शादी किसी और युवक से तय हो चुकी थी। उसका तिलक कार्यक्रम भी पूरा हो गया था। बताया जा रहा है कि शादी तय होने के बाद दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से दोनों ने इतना बड़ा कदम उठाया। हालांकि असली वजह क्या थी, यह पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि युवक आरख समाज से था, जबकि युवती नाई समाज से थी। दोनों अलग-अलग जातियों से थे। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे प्रेम संबंध से जोड़कर देख रहे हैं तो कुछ अन्य कारणों की आशंका जता रहे हैं।
सीतापुर में एक कार, 177 तोते और कई राज्यों तक फैला तस्करी का जाल… STF ने ऐसे किया खुलासा
घटनास्थल पर पेड़ के आसपास पैरों के निशान भी मिले हैं। ग्रामीणों ने दावा किया कि पेड़ के पास सिंदूर और अन्य सामान मिलने से ऐसा लग रहा है कि दोनों ने पेड़ के फेरे लेकर शादी की कोशिश की होगी। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ मिश्रिख बृजेश कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है और सबूत जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल पुलिस युवक-युवती के मोबाइल रिकॉर्ड, परिजनों के बयान और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
Location : Sitapur
Published : 20 June 2026, 10:01 AM IST