
ट्रेलर में पीछे से घुसी बस (IMG: Dynamite News)
Kannauj: कन्नौज में शुक्रवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने यात्रियों में चीख-पुकार मचा दी। दिल्ली से लखनऊ जा रही यात्रियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसा तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के लोहामढ़ गांव के पास हुआ।
बताया गया है कि बस दिल्ली से लखनऊ जा रही थी। बस में चालक और स्टाफ समेत कुल 49 लोग सवार थे। सफर के दौरान सुबह के वक्त चालक को अचानक झपकी आ गई। कुछ ही पल में बस अनियंत्रित हुई और आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। कई यात्री चोटिल हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल लखनऊ के तालकटोरा थाना क्षेत्र के अशोक बिहार, आलमनगर निवासी 40 वर्षीय अंकित मिश्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही और उन्होंने दम तोड़ दिया। अंकित की मौत की खबर मिलते ही पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दे दी।
हादसे में लखनऊ के सहादतगंज निवासी 37 वर्षीय सैयद भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनकी हालत चिंताजनक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। इसके अलावा हादसे में आलमबाग निवासी 42 वर्षीय अभिषेक, सुल्तानपुर के कादीपुर निवासी 38 वर्षीय विजय, लखनऊ के सहादतगंज निवासी 28 वर्षीय अब्बास और बादशाह नगर निवासी 46 वर्षीय राजेश घायल हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की सबसे बड़ी वजह चालक को झपकी आना बताई जा रही है। सुबह के समय बस चालक को नींद की झपकी आने से बस अचानक अनियंत्रित हो गई और वह ट्रेलर से जा टकराई। एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रेलर की टक्कर के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
तिर्वा कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि हादसे में घायल सभी यात्रियों को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया था। इलाज के दौरान एक यात्री की मौत हुई है, जबकि एक घायल को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं अन्य घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
Location : Kannauj
Published : 21 August 2026, 1:23 PM IST