पीछे से आया तेज रफ्तार ट्रक और बदल गया कांवड़ियों का पूरा सफर, दो की मौत से मचा कोहराम

शाहजहांपुर में शुक्रवार सुबह कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा जैतीपुर थाना क्षेत्र के नवादा मोड़ के पास हुआ। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली बिजली के पोल को तोड़ते हुए खाई में पलट गई। हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 21 August 2026, 1:31 PM IST

Shahjahanpur: शाहजहांपुर में शुक्रवार सुबह कांवड़ लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। शिव मंदिर में जल चढ़ाने के लिए निकले कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे लगे बिजली के पोल को तोड़ते हुए खाई में जा पलटी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

रात में जल लेने निकला था 15 कांवड़ियों का जत्था

बताया गया है कि जैतीपुर थाना क्षेत्र के बमिहाना गांव से 15 कांवड़ियों का जत्था गुरुवार रात करीब 12 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से बदायूं जिले के दातागंज स्थित डांडी घाट के लिए रवाना हुआ था। सभी श्रद्धालु रामगंगा नदी से जल लेने के लिए निकले थे। शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे कांवड़िए रामगंगा नदी से जल लेकर अपने गांव के शिव मंदिर के लिए वापस लौट रहे थे। जत्थे में शामिल लोगों के बीच उत्साह था और सभी जल लेकर गांव लौट रहे थे। लेकिन नवादा मोड़ से करीब 500 मीटर पहले अचानक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी।

शाहजहांपुर में “एक फूल दो माली” इसलिए हो गया हत्याकांड, बताओ! लड़की के चक्कर में क्या-क्या हुआ?

ट्रक की टक्कर से मची चीख-पुकार

ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटते ही उसमें सवार कांवड़िए उसके नीचे और आसपास फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। इसी दौरान आगे कांवड़ लेकर चल रहे शिवम मिश्रा समेत कुछ अन्य साथी भी ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे में कई लोगों को गंभीर चोटें आईं।

दो कांवड़ियों की इलाज के दौरान मौत

हादसे में गंभीर रूप से घायल कुछ कांवड़ियों को बरेली रेफर किया गया। वहां बमिहाना गांव निवासी 20 वर्षीय अमन और 30 वर्षीय गुड्डू को डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। दो युवकों की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवारों में कोहराम मच गया। जो परिवार अपने बेटों के सुरक्षित लौटने का इंतजार कर रहे थे, उन्हें अचानक उनकी मौत की खबर मिली। हादसे के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

शाहजहांपुर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ऑटो डंपर से टकराया, 4 की मौत, मासूम समेत कई घायल

ट्रक चालक पुलिस हिरासत में

हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक चालक भी हादसे में घायल हुआ है और उसका सीएचसी में इलाज कराया जा रहा है। उपचार के बाद पुलिस उससे हादसे के संबंध में पूछताछ करेगी।

तहरीर के आधार पर दर्ज होगी प्राथमिकी

एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि ट्रक चालक पुलिस हिरासत में है और उसका सीएचसी में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। वहीं घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की ओर से घायलों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।

Location :  Shahjahanpur

Published :  21 August 2026, 1:31 PM IST