
जुम्मे की नमाज के दिन कैसा है खोड़ा का माहौल?
Ghaziabad Desk: आज जुम्मे की नमाज है। खोड़ा में कड़ी पुलिस की निगरानी में जुम्मे की नमाज पढ़ी गई। कुछ दिनों से कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी कि शुक्रवार को जुम्मे की नमाज अदा नहीं होने देंगे, लेकिन पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच शुक्रवार को खोड़ा में जुम्मे की नमाज को अदा किया गया। हालांकि, मस्जिदों में बहुत कम लोग पहुंचे। सुरक्षा की दृष्टि से करीब 1,000 से ज्यादा पुलिस वाले तैनात रहे। कुल मिलाकर सूर्या की हत्या के 8 दिन बाद भी खोड़ा कॉलोनी छावनी में तब्दील है।
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि करीब 1,000 से ज्यादा पुलिस वालों की निगरानी में मस्जिदों के भीतर नमाज को अदा किया गया। इनमें रैपिड रिस्पांस फोर्स और पीएसी के जवान भी तैनात रहे। खोड़ा के अलावा लोनी, मसूरी, डसना, और इंदिरापुरम की पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही।
धवल जायसवाल ने बताया कि नमाज अदा करने वाले हर एक नमाजी पर पुलिस की निगाहें रही हैं। इसके अलावा ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। खोड़ा कॉलोनी के एंट्री गेट पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरा इलाका पुलिस कंट्रोल में है।
वहीं, सूर्या हत्याकांड के बाद उनकी मां से काफी लोग मिलने पहुंच रहे हैं। काफी मंत्रियों ने भी सूर्या की मां से मुलाकात की। इसके अलावा कई राजनीतिक दलों ने सूर्या के परिवार को हर प्रकार की मदद का ऐलान किया।
गुरुवार को पूर्व संसद बृजभूषण सिंह की बेटी शालिनी सिंह भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंची। उन्होंने सूर्या के बड़े भाई को नौकरी का ऑफर दिया। अभी तक इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने सूर्या के परिवार को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता के अलावा और एक नौकरी भी दी है।
Location : Ghaziabad
Published : 5 June 2026, 3:28 PM IST