
Teacher Couple Murder (IMG: Dynamite News)
Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के कादीपुर के कुंभी डडिया गांव में शिक्षक दंपती की हत्या के मामले में 24 घंटे बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। मंगलवार सुबह निजी विद्यालय परिसर स्थित आवास में कंपोजिट विद्यालय खनुहट के प्रधानाध्यापक मुकेश सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह के शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। दोहरे हत्याकांड की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
अयोध्या मंडल के आइजी सोमेन वर्मा, एडीजी प्रवीण कुमार और एसपी सुल्तानपुर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। आइजी ने कहा कि घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और जांच चल रही है। अधिकारियों ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इन्कार किया है।
सुल्तानपुर में शिक्षक दंपती की हत्या से मचा हड़कंप, शिक्षक संघ में उबाल; अब आंदोलन की चेतावनी
शिक्षक दंपती के परिवार का पट्टीदारों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में मुकदमा भी दर्ज होने की बात सामने आई है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे कुछ रिश्तेदारों ने इसी विवाद को लेकर आशंका जताई। पुलिस ने इस पहलू को भी जांच में शामिल किया है। हालांकि, अभी तक ऐसा कोई ठोस साक्ष्य सामने नहीं आया है, जिससे जमीन विवाद को हत्या की वजह माना जा सके।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर पहले भी हिंसक घटनाएं हो चुकी हैं। यही कारण है कि पुलिस पुराने विवादों और उनसे जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद शिक्षक दंपती के रिश्तेदार मौके पर पहुंचने लगे। उनका बेटा दिल्ली से मंगलवार शाम सुल्तानपुर पहुंच गया। परिवार के अन्य सदस्यों से भी पुलिस घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना से पहले दंपती के संपर्क में कौन-कौन लोग थे और विद्यालय परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही कितनी थी।
दोहरे हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्य, मोबाइल फोन और अन्य परिस्थितिजन्य तथ्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि शिक्षक दंपती की हत्या क्यों और किसने की। पुलिस की जांच जमीन विवाद समेत अन्य संभावित कारणों पर केंद्रित है, लेकिन हत्या की वजह और हत्यारों तक पहुंचने के लिए अभी पुलिस को और साक्ष्यों का इंतजार है।
Location : Sultanpur
Published : 29 September 2026, 6:28 PM IST