
देर रात हुआ दर्दनाक हादसा (Source: Dynamite News)
Sultanpur: सुल्तानपुर के मोतीगरपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिरसिंहपुर रोड पर सपाही के पास निर्माणाधीन पुलिया पर लगे बैरियर से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बैरियर तोड़ते हुए पुलिया के स्लैब से जा भिड़ी। हादसे में बाइक सवार 45 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, हादसा 31 जुलाई और 1 अगस्त की मध्यरात्रि सपाही के पास बिरसिंहपुर रोड पर हुआ। भवानीपुर सरैया निवासी बालमुकुंद पांडे (45) पुत्र स्वर्गीय सत्यनारायण पांडे अपनी हीरो मोटरसाइकिल से बिरसिंहपुर रोड से बगिया चौराहे की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान वह निर्माणाधीन पुलिया के पास पहुंचे। प्रथम दृष्टया बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार तेज थी। इसी वजह से बाइक चालक पुलिया पर लगाए गए बैरियर को नहीं संभाल सका और उसे तोड़ते हुए आगे जाकर पुलिया के स्लैब से टकरा गया।
हादसे में बालमुकुंद पांडे को गंभीर चोटें आईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मोतीगरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर 100 शैया अस्पताल बिरसिंहपुर भिजवाया, जहां पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में भी कोहराम मच गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्यों का संकलन किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर फिलहाल यातायात सामान्य है और शांति व्यवस्था कायम है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
छेड़छाड़ का आरोप लगा तो मचा बवाल! दो युवकों को पकड़ा, फिर कंडाली से हुई जमकर पिटाई… Video Viral
क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार के कारण बाइक चालक निर्माणाधीन पुलिया पर लगे बैरियर से टकरा गया। टक्कर के बाद उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस सभी आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
बस्ती में ऐसा क्या हुआ की सुबह-सुबह मचा हड़कंप, कई लोग पहुंचे अस्पताल
हादसे के बाद निर्माणाधीन पुलिया के आसपास लगाए गए सुरक्षा बैरियर और रात के समय वाहन चालकों को मिल रही दृश्यता को लेकर भी सवाल उठ सकते हैं। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल हादसे की प्राथमिक वजह तेज रफ्तार को बताया है।
घटना के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर स्थिति आगे और स्पष्ट होगी।
Location : Sultanpur
Published : 1 August 2026, 1:07 PM IST
Topics : Motigarpur News Road Accident sultanpur news