सोनभद्र के विंढमगंज क्षेत्र में 19 वर्षीय आईटीआई छात्र की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस को मौके से एक नोट भी मिला है। मामले की जांच जारी है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

घटनास्थल की तस्वीर (Img- Internet)
Sonbhadra: सोनभद्र जिले के विंढमगंज कोतवाली क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां 19 वर्षीय आईटीआई छात्र की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, हीरचक पोलवा गांव निवासी देवानंद पांडेय मॉडर्न आईटीआई पोलवा में पढ़ाई कर रहा था। घटना के समय वह घर में अकेला था। उसके पिता गांव से बाहर गए हुए थे, जबकि बड़ा भाई भी घर पर मौजूद नहीं था। इसी दौरान यह दुखद घटना हुई।
देर रात जब उसकी मां कलावती देवी घर लौटीं, तो घर में असामान्य स्थिति देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। जैसे ही उन्होंने अंदर जाकर देखा, उनका बेटा मृत अवस्था में मिला। यह दृश्य देखकर वह जोर-जोर से रोने लगीं और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतारा गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
सोनभद्र के बेटे ने किया कमाल: UPPSC में 5वीं रैंक, बनें असिस्टेंट कमिश्नर
पुलिस को मौके से एक नोट मिलने की जानकारी भी सामने आई है, जिसमें युवक ने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है। हालांकि, पुलिस इस नोट की सत्यता और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि पूरे मामले का सही कारण सामने आ सके।
इस घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि युवक शांत स्वभाव का था और पढ़ाई में लगा रहता था। किसी को अंदाजा नहीं था कि ऐसा कदम उठाया जा सकता है।
सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से कार चालक की मौत; जानिये घटनास्थल की पूरी कहानी
यह घटना एक बार फिर इस बात की ओर इशारा करती है कि युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। परिवार और समाज को ऐसे मामलों में सतर्क रहने और समय पर संवाद करने की आवश्यकता है, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।