पोते को बचाने के लिए दादा सामने आए, कबाड़ी ने सीने-पेट पर चाकू से किए वार; अंतिम संस्कार से पहले मचा हंगामा

लखनऊ के मड़ियांव थाने के सामने रॉन्ग साइड आने को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग मगन बिहारी तिवारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पोते को बचाने आए बुजुर्ग पर आरोपी ने हमला कर दिया। रविवार को अंतिम यात्रा के दौरान परिजनों का आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने आरोपी राजकुमार उर्फ मलाई को गिरफ्तार कर लिया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 13 September 2026, 5:31 PM IST

Lucknow: मड़ियांव थाने के सामने शनिवार को एक बुजुर्ग की चाकू से हत्या के बाद रविवार को अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों का आक्रोश सामने आया। शव वाहन घर से श्मशान घाट के लिए निकलने लगा तो मृतक का बेटा उसके सामने ही जमीन पर लेट गया। वह सीना पीट-पीटकर रो रहा था। परिजनों की नाराजगी को देखते हुए मड़ियांव और सैरपुर थाने की पुलिस के साथ पीएसी बल भी अंतिम यात्रा के दौरान तैनात रहा।

रॉन्ग साइड आने पर टोका तो हुआ विवाद

पूरा मामला शनिवार दोपहर करीब एक बजे का है। भरतनगर, मड़ियांव निवासी मगन बिहारी तिवारी अपने पोते संकल्प तिवारी के साथ बाइक से बिजली का बिल जमा करने जा रहे थे। मगन बिहारी बाइक पर पीछे बैठे थे और उनका पोता बाइक चला रहा था। बताया गया कि जब दोनों मड़ियांव थाने के सामने फ्लाईओवर के नीचे से गुजर रहे थे, तभी सामने से एक तिपहिया ठेला लेकर कबाड़ी रॉन्ग साइड से आ गया।

पोते को बचाने आए बाबा पर हमला

पुलिस के अनुसार, मगन बिहारी जैसे ही अपने पोते को बचाने के लिए आगे आए, आरोपी ने संकल्प को छोड़कर बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने बुजुर्ग के पेट और सीने पर कई वार किए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसी बीच आरोपी मौके से भाग निकला। गंभीर रूप से घायल मगन बिहारी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। वहीं उनके पोते संकल्प की हालत गंभीर बताई गई और उसका इलाज चल रहा है।

‘युवा किताब नहीं पढ़ते, यह कहना पूरी तरह अन्याय’, CM योगी ने लखनऊ में किया 5वें गोमती पुस्तक महोत्सव का आगाज

अंतिम यात्रा में तैनात रही दो थानों की पुलिस और PAC

बुजुर्ग की हत्या के बाद रविवार को जब परिवार अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर निकला तो पुलिस पहले से सतर्क थी। शव वाहन सुबह करीब 11 बजे घर से निकला। इस दौरान कुछ परिजनों ने शव वाहन को रोक लिया। मृतक के परिजनों में घटना को लेकर नाराजगी थी। इसी वजह से मड़ियांव और सैरपुर थाने की पुलिस के साथ पीएसी बल को भी मौके पर तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारियों और तैनात बल ने परिवार को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।

नगर निगम से रिटायर हुए थे मगन बिहारी

मगन बिहारी तिवारी भरतनगर के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक वह करीब 2010 में नगर निगम से रिटायर हुए थे। वह आरआर विभाग में सुपरवाइजर के पद पर काम कर चुके थे। शनिवार को वह अपने पोते संकल्प के साथ बिजली का बिल जमा करने पावर हाउस जा रहे थे। किसी ने सोचा भी नहीं था कि घर से निकले बुजुर्ग वापस नहीं लौटेंगे। रास्ते में रॉन्ग साइड आने को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि उनकी जान चली गई।

लखनऊ में पति की दरियादिली या मजबूरी? प्रेमी के साथ करा दी पत्नी की शादी

बेटा भी नगर निगम में सुपरवाइजर

मगन बिहारी के बेटे प्रदीप तिवारी भी नगर निगम के जोन-2 में सुपरवाइजर हैं। प्रदीप के मुताबिक घटना के समय वह ऑफिस में थे। तभी उनकी मां का फोन आया और उन्हें बताया गया कि उनके पिता की तबीयत खराब है और हाईवे अस्पताल पहुंचने के लिए कहा गया। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनके पिता पर किसी ने चाकू से हमला किया है। परिवार के मुताबिक घटना के बाद से घर में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पत्नी माया तिवारी, बेटा प्रदीप तिवारी, बहू पुष्पा और तीन पोते-पोतियां हैं।

पुलिस के मुताबिक हिस्ट्रीशीटर है आरोपी

ADCP नॉर्थ नवीन कुमार सिंह ने बताया कि मगन बिहारी तिवारी और उनके पोते संकल्प तिवारी का सड़क पर एक व्यक्ति से विवाद हुआ था। इसी दौरान दोनों पर चाकू से हमला किया गया। हमले में मगन बिहारी की मौत हो गई, जबकि संकल्प का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। ADCP के मुताबिक, चाकू से हमला करने वाले राजकुमार उर्फ मलाई को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Location :  Lucknow

Published :  13 September 2026, 5:31 PM IST