Hathras Road Accident: सिकंदराराऊ में बस-ट्रक की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, मची चीख-पुकार; दो चालक गंभीर

हाथरस के सिकंदराराऊ में रविवार रात कासगंज रोड पर राजस्थान रोडवेज बस और राशन लदे ट्रक की जोरदार टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि बस में सवार कई यात्रियों को भी चोटें आईं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 28 September 2026, 1:53 PM IST
google-preferred

Hathras: हाथरस के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 9:30 बजे कासगंज रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ढाबे के पास राजस्थान रोडवेज की बस और सरकारी राशन से लदे ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

बस में सवार थे करीब 45 यात्री

जानकारी के मुताबिक राजस्थान के अजमेर डिपो की रोडवेज बस बरेली से जयपुर जा रही थी। बस में करीब 45 यात्री सवार थे। इसी दौरान कासगंज रोड पर ढाबे के पास बस की सामने से आ रहे राशन लदे ट्रक से टक्कर हो गई।

हादसे में बस चालक सुभाष चंद्र निवासी बबरान, कोटपुतली और ट्रक चालक अरविंद निवासी नवली गांव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ रेफर किया गया। पुलिस उनके परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई में जुटी है।

आठ यात्रियों को भी आई चोट

टक्कर में बस सवार शहजान, वकील अहमद, तोताराम, कमल और फिदा हुसैन समेत कुल आठ यात्री घायल हुए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत-बचाव शुरू किया। क्षतिग्रस्त बस से यात्रियों को बाहर निकालकर कलावती नर्सिंग होम पहुंचाया गया।

अस्पताल में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। बताया गया कि हालत सामान्य होने के बाद घायलों को उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।

सड़क से हटाए गए क्षतिग्रस्त वाहन

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई थी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

वहीं ट्रक में लदी चावल की बोरियों को भी दूसरे वाहनों में ट्रांसफर कराया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार की बात सामने आ रही है, हालांकि दुर्घटना की सही वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

Location :  Hathras

Published :  28 September 2026, 1:53 PM IST

Advertisement