
कानपुर में आरोपी पप्पू पासवान गिरफ्तार (IMG: Dynamite News)
Kanpur: कानपुर में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले ने उस वक्त सनसनीखेज मोड़ ले लिया, जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। चकेरी थाना क्षेत्र के स्वर्ण जयंती विहार स्थित किराए के मकान में महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि महिला अपने साथी के साथ खुद को पति-पत्नी बताकर यहां रह रही थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने छानबीन के बाद पप्पू पासवान को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित स्वर्ण जयंती विहार में महिला और पप्पू पासवान कुछ महीने पहले किराए पर रहने आए थे। मकान मालिक को दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताया था। बताया जा रहा है कि बुधवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान पप्पू ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी पुलिस को करीब 24 घंटे बाद मिली। मकान मालिक के मुताबिक, महिला घर में मौजूद थी, लेकिन काफी समय तक कोई हलचल दिखाई नहीं दी। अनहोनी की आशंका होने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की।
जमीन के विवाद में खूनी वारदात: उन्नाव में जीजा को मारी गोली, कानपुर हैलट में इलाज के दौरान मौत
पुलिस की जांच में मृतका के नाम को लेकर भी कई जानकारियां सामने आईं। पुलिस के मुताबिक, महिला की पहचान काजल उर्फ हसीना खातून उर्फ दिया और मरजीना के रूप में सामने आई है। बताया गया कि महिला मूल रूप से देवरिया की रहने वाली थी। सूचना मिलने पर उसके परिजन कानपुर पहुंचे और उसकी बहन नाजिया ने शव की पहचान रिया उर्फ मरजीना के रूप में की। जांच के दौरान महिला के पुराने वैवाहिक संबंधों और पहले दर्ज कराए गए मुकदमों से जुड़ी जानकारियां भी सामने आईं। बताया गया कि करीब 10 से 15 साल पहले उसका विवाह जाजमऊ निवासी हमजा खान से हुआ था। बाद में दोनों अलग हो गए थे। इसके बाद महिला उन्नाव के गंगाघाट क्षेत्र में रहने लगी।
कानपुर में आरोपी पप्पू पासवान गिरफ्तार (IMG: Dynamite News)
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि महिला का चकेरी क्षेत्र के सनिगवां में रहने वाले आसिफ कुरैशी से भी संपर्क था। बताया गया कि दोनों के बीच विवाद के बाद महिला ने उसके खिलाफ उन्नाव के गंगाघाट थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में घटनास्थल चकेरी क्षेत्र से संबंधित होने के कारण मामले को चकेरी थाने में स्थानांतरित कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, पप्पू पासवान और महिला के अलग होने के करीब चार साल बाद दोनों दोबारा संपर्क में आए। बताया जा रहा है कि पप्पू ने उसके खिलाफ दर्ज पुराने मुकदमे में समझौता कराने का आश्वासन दिया था। इसके बाद दोनों फिर से साथ रहने लगे और स्वर्ण जयंती विहार में किराए के मकान में रहने लगे।
3 लाख रुपये दिए, फिर भी नहीं मिली नौकरी… कानपुर के कॉलेज प्राचार्य पर गंभीर आरोप
पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि पप्पू पासवान ने महिला को पुराने मामलों में दोबारा फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। यह भी बताया गया कि विवाद के दौरान महिला ने उसकी 13 वर्षीय बेटी के लिए अपशब्द कहे, जिससे कहासुनी बढ़ गई। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के दौरान पप्पू ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और वहां से फरार हो गया। हालांकि, घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि जांच और साक्ष्यों के आधार पर की जानी है।
Location : Kanpur
Published : 25 October 2026, 5:41 PM IST