बिहार में डबल मर्डर से सनसनी: सिपाही ने बहन को गोली मारकर खुद दी जान, जांच में जुटी पुलिस

पटना से सटे दानापुर में बिहार पुलिस के एक सिपाही और उसकी बहन की मौत से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस आपसी विवाद के बाद गोलीकांड की आशंका जता रही है। मौके से सर्विस रिवॉल्वर और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 September 2026, 10:35 AM IST

Patna: बिहार की राजधानी पटना से सटे दानापुर इलाके में मंगलवार शाम सनसनीखेज घटना सामने आई। नासरीगंज स्थित मिथिला कॉलोनी में बिहार पुलिस के एक सिपाही ने कथित तौर पर अपनी बहन को सर्विस रिवॉल्वर से गोली मार दी और इसके बाद खुद भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

मृतकों की पहचान बिहार पुलिस के सिपाही ओमचंद्र और उसकी बहन पार्वती कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घर से आई दो गोलियों की आवाज, मची अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक, ओमचंद्र मूल रूप से भागलपुर का रहने वाला था। उसे अनुकंपा के आधार पर बिहार पुलिस में नौकरी मिली थी और वह मोतिहारी जिले में सिपाही के पद पर तैनात था। वह अपने भाई-बहनों के साथ दानापुर की मिथिला कॉलोनी में किराये के मकान में रहता था।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को ओमचंद्र घर आया हुआ था। घटना के समय उसका छोटा भाई अरुण काम पर गया था, जबकि बहन पार्वती कोचिंग गई थी। शाम करीब सात बजे अचानक मकान के अंदर से लगातार दो गोलियों की आवाज सुनाई दी।

आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर दोनों भाई-बहन खून से लथपथ पड़े मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके से बरामद हुई सर्विस रिवॉल्वर

सूचना मिलते ही दानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने मौके से ओमचंद्र की सर्विस रिवॉल्वर, एक खोखा और कुछ कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना की असली वजह का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा।

बहन की शादी के बाद भी भाई के साथ रह रही थी

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पार्वती कुमारी की शादी करीब दो साल पहले हुई थी, लेकिन वह ससुराल में नहीं रहकर अपने भाई के साथ रह रही थी। पुलिस के अनुसार, पार्वती कुछ समय से मानसिक तनाव में थी और आसपास के लोगों से उधार को लेकर विवाद की बातें भी सामने आई हैं।

पुलिस का कहना है कि इन्हीं परिस्थितियों को लेकर ओमचंद्र भी तनाव में रहता था।

पुलिस ने शुरू की जांच

सिटी एसपी पश्चिमी साकेत कुमार ने बताया कि ओमचंद्र मोतिहारी में बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात था। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की बात सामने आई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Location :  Bihar

Published :  23 September 2026, 10:35 AM IST