
किशोरी की मौत से सनसनी (IMG: Dynamite News)
Sitapur: तीन दिन से लापता 15 वर्षीय किशोरी का शव बुधवार सुबह गांव के दक्षिणी तालाब में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तालाब में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पाकर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोरी की मौत कैसे हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।
मृतका की पहचान गांव निवासी महेश की 15 वर्षीय बेटी श्रद्धा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, श्रद्धा तीन दिन पहले अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी तलाश करने के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार की ओर से गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण लगातार किशोरी की तलाश कर रहे थे।
बुधवार सुबह गांव के दक्षिणी तालाब में किशोरी का शव मिलने की खबर जैसे ही ग्रामीणों को मिली, मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। तीन दिन से जिस किशोरी को परिवार तलाश रहा था, उसका शव तालाब में मिलने से गांव का माहौल गमगीन हो गया।
मामले में किशोरी के परिजनों ने गांव के ही युवक सूरज पुत्र आशाराम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का आरोप है कि युवक ने किशोरी को प्रेम प्रसंग में उकसाया था। परिजनों ने घटना से जुड़ी परिस्थितियों की गहन जांच कराने की मांग की है। हालांकि, पुलिस जांच में अभी तक किशोरी की मौत की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं हुआ है कि किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह तालाब तक कैसे पहुंची। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक आशीष तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किशोरी की मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस किशोरी के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। परिजनों के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
Location : Sitapur
Published : 23 September 2026, 5:16 PM IST