Road Accident: झांसी-कानपुर हाईवे पर फिर दिखा हादसे का खौफनाक मंजर, खाई में पलटी बस तो मची चीख-पुकार

झांसी-कानपुर हाईवे पर मोठ के पास इंदौर से लखनऊ जा रही शताब्दी बस अचानक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत-बचाव कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 23 August 2026, 9:50 AM IST

Jhansi: झांसी-कानपुर हाईवे पर मोठ कोतवाली क्षेत्र में रविवार को यात्रियों से भरी शताब्दी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। बस इंदौर से लखनऊ जा रही थी। हादसा होते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस में सवार कई यात्री अंदर फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

अचानक अनियंत्रित हुई बस और खाई में पलटी

बताया जा रहा है कि शताब्दी बस संख्या BR 02 PC 5260 इंदौर से यात्रियों को लेकर लखनऊ जा रही थी। बस जैसे ही मोठ कोतवाली क्षेत्र में स्टेडियम के पास पहुंची, तभी अचानक अनियंत्रित हो गई। कुछ ही पलों में बस सड़क से नीचे उतरकर खाई में पलट गई।

बस के पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे, जबकि कुछ लोग बस के अंदर फंस गए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मदद शुरू की।

ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर यात्रियों को निकाला

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव का मोर्चा संभाल लिया। बस के दरवाजे से यात्रियों को निकालना मुश्किल होने पर लोगों ने उसके शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।

इस दौरान कई यात्री चोटिल हालत में मिले। किसी के सिर में चोट थी तो कोई दर्द से कराह रहा था। इसी बीच पुलिस और डायल-112 को हादसे की सूचना दी गई।

पुलिस और एंबुलेंस ने पहुंचाया अस्पताल

सूचना मिलते ही मोठ कोतवाली पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य तेज किया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए मोठ ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया।

ट्रामा सेंटर में रिहान, अनुराग दीक्षित, देवेंद्र, अमान, मोहित शर्मा, अमित खरे और हेमंत सोनी का उपचार किया गया। वहीं राहुल गुप्ता, आकाश, राकेश पाल, प्रगति सिंह, रवि वर्मा, गीता देवी, कन्हैयालाल और सुनीत सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

Mathura News: “मुझे बचा लो”… बाल गृह के CCTV में कैद शिवानी की आखिरी सांसों का वो दर्दनाक सच, जिसे देखकर कांप उठेगी रूह

यात्रियों ने चालक पर लगाए आरोप

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों ने चालक पर लापरवाही के आरोप लगाए। यात्रियों का दावा है कि चालक की लापरवाही के कारण बस अनियंत्रित हुई। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि बस अचानक अनियंत्रित क्यों हुई। क्या चालक की लापरवाही हादसे की वजह बनी या फिर बस में किसी तकनीकी खराबी के कारण यह दुर्घटना हुई?

Lucknow Double Murder: पति-पत्नी के विवाद से लेकर अवैध असलहे तक… मानस के iPhone में दफन है डबल मर्डर का सच, तलाश में पुलिस

हादसे ने खड़े किए सुरक्षा पर सवाल

झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव में जुट गए। फिलहाल दो दर्जन से अधिक यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जबकि गंभीर घायलों का इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

Location :  Jhansi

Published :  23 August 2026, 9:50 AM IST