
नाव हादसे के बाद दो युवक अब भी लापता (IMG: Dynamite News)
Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी में शारदा नदी एक बार फिर दर्दनाक हादसे की गवाह बन गई। गुरुवार शाम नदी पार कर रहे नौ लोगों से भरी नाव अचानक बीच धारा में अनियंत्रित होकर पलट गई। कुछ ही पलों में चीख-पुकार मच गई और लोग नदी में डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने जान जोखिम में डालकर सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो युवक तेज बहाव में लापता हो गए। घटना के बाद से एनडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अभी तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
यह हादसा लखीमपुर खीरी जिले के विकासखंड बिजुआ क्षेत्र के बेलहा सिकटिहा गांव के पास शारदा नदी में हुआ। जानकारी के अनुसार, गांव के लोग रोज की तरह मवेशी चराने और दूध लेने के लिए नदी के उस पार गए थे। गुरुवार शाम सभी लोग वापस लौट रहे थे। नदी पार करने के लिए कुल नौ लोग नाव पर सवार हुए। जब नाव बीच धारा में पहुंची तो अचानक संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई। नाव डूबते ही सभी लोग नदी में गिर पड़े।
लखीमपुर खीरी में बड़ा हादसा: शारदा नदी के बीच मझधार में पलटी नाव, 2 लोग लापता; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सुरक्षित बचाए गए लोगों में रामधार, वीरेंद्र उर्फ चिंटू, सुभाष, अनूप उर्फ कल्लू, भूरे, राजेंद्र प्रसाद और सुशील शामिल हैं। सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इस हादसे में कल्लू पुत्र रहूफ, निवासी गंगा बेहड़ और सोनू पुत्र बिजेंद्र निवासी चकपुरवा नदी के तेज बहाव में लापता हो गए। घटना के बाद से दोनों युवकों की तलाश लगातार जारी है। परिजनों की निगाहें हर पल नदी की ओर टिकी हैं और घरों में मातम का माहौल है।
एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार राहत और बचाव अभियान चला रही है। अधिकारियों के मुताबिक अब तक करीब 30 किलोमीटर तक नदी में खोजबीन की जा चुकी है। रेस्क्यू टीम नावों और अन्य उपकरणों की मदद से दोनों युवकों की तलाश में जुटी हुई है। स्थानीय ग्रामीण भी नदी किनारे मौजूद रहकर खोज अभियान में सहयोग कर रहे हैं।
लखीमपुर खीरी में रातभर चला सर्च ऑपरेशन, सुबह नाले से निकली लाश, विशाल की मौत से टूटा परिवार
दोनों युवकों के लापता होने के बाद उनके परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार प्रशासन से जल्द से जल्द दोनों का पता लगाने की गुहार लगा रहे हैं। प्रशासन ने परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक दोनों युवकों का पता नहीं चल जाता, तब तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।
घटना की जानकारी मिलते ही गोला विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक विनय तिवारी भी करसौर गांव पहुंचे। उन्होंने एनडीआरएफ अधिकारियों से बातचीत कर राहत और बचाव कार्य की जानकारी ली और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
Location : Lakhimpur Kheri
Published : 31 July 2026, 4:04 PM IST