
गोरखपुर में 10 लाख की चोरी से सनसनी
Gorakhpur: गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र के चंदौली गांव में एक कथित चोरी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। परिवार का दावा है कि रात के अंधेरे में चोर घर में घुसकर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस इस मामले को फिलहाल संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।
चंदौली गांव निवासी शिवनाथ के पुत्र चंदन के अनुसार शनिवार रात परिवार के अधिकांश सदस्य मकान की छत पर सो रहे थे। वहीं छोटे भाई की पत्नी नीचे स्थित एक कमरे में सोई हुई थी। सुबह जब परिवार के सदस्य नीचे पहुंचे तो देखा कि कमरे में रखी आलमारी और बक्सों के ताले खुले हुए हैं तथा अंदर रखा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। यह देखकर पूरे परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
गोरखपुर में प्रेम कहानी ने लिया नया मोड़, बेटी गई तो साथ ले गई लाखों का सामान!
पीड़ित परिवार का कहना है कि घर में मकान निर्माण कार्य के लिए 1 लाख 10 हजार रुपये नकद रखे गए थे। इसके अलावा परिवार के सोने और चांदी के कीमती आभूषण भी घर में सुरक्षित रखे गए थे। परिवार के मुताबिक नकदी और जेवरात मिलाकर चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
परिजनों का कहना है कि मकान की छत तक जाने वाली सीढ़ी के रास्ते पर कोई दरवाजा नहीं लगा है। ऐसे में उन्हें आशंका है कि चोर उसी रास्ते घर में दाखिल हुए होंगे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। हालांकि घटना के दौरान किसी भी सदस्य को कोई आहट नहीं हुई, जिससे मामले को लेकर कई तरह के सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
गोरखपुर में बवाल… विद्युत उपकेंद्र पर भीड़ का हमला: तोड़फोड़ कर संविदा कर्मियों को पीटा
घटना की जानकारी तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में पीड़ित परिवार ने गोला थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
Location : Gorakhpur
Published : 31 May 2026, 8:24 PM IST