
गोड्डा में दर्दनाक हादसा (IMG: Dynamite News)
Godda: गोड्डा में मंगलवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। हंसडीहा-पोड़ैयाहाट एनएच फोरलेन पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई और उसका अगला-पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में यूथ कांग्रेस के जिला महासचिव दीपक कुमार मंडल की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, काले रंग की स्कॉर्पियो में कुल छह लोग सवार थे। बताया गया कि सभी लोग गोड्डा से तारापीठ जाने के लिए निकले थे। रात करीब 11 बजे के आसपास उनकी यात्रा शुरू हुई थी। इसी दौरान पोड़ैयाहाट से आगे हंसडीहा की तरफ बढ़ने के दौरान कारूडीह चावल मिल के पास स्कॉर्पियो हादसे का शिकार हो गई।
हादसे में दीपक कुमार मंडल की मौत हो गई। वहीं रामगोपाल कृष्ण, जितेंद्र मंडल, नीतीश कुमार, अमित कुमार और विकास कुमार सिंह घायल हुए हैं। घायलों की हालत को देखते हुए अलग-अलग अस्पतालों में बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो का नंबर जेएच 17 जेड 9189 बताया गया है।
हादसे के बाद घायल विकास कुमार सिंह ने घटनास्थल से डीएसपी हेडक्वार्टर जेपीएन चौधरी को फोन कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसा हो गया है और वह खुद भी घायल हैं। इसके बाद घायलों को रेस्क्यू करने के लिए पोड़ैयाहाट से पुलिस टीम मौके पर भेजी गई। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकलवाया और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
हादसे की खबर सामने आने के बाद बुधवार सुबह राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई लोग सदर अस्पताल पहुंचे। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश यादव, भाजपा के बब्लू सिंह, कांग्रेस के इफतेखार, चेयरमैन प्रतिनिधि मुकेश रमाणी और समाजसेवी सुमन कुमार दास समेत कई लोगों ने अस्पताल पहुंचकर घटना पर दुख जताया। दीपक कुमार मंडल के शव को देर रात ही गोड्डा सदर अस्पताल लाया गया था।
झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन, JMM के बड़े नेता के जाने से सियासी गलियारों में शोक
दीपक कुमार मंडल शादीशुदा थे। वह दो भाइयों में सबसे छोटे थे। करीब चार साल पहले उनकी शादी हुई थी और उनकी दो बच्चियां हैं। हादसे में दीपक की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस दीपक के साथ परिवार ने भविष्य के सपने देखे थे, उसकी अचानक मौत ने सभी को सदमे में डाल दिया। परिजनों के मुताबिक, वह हादसे से पहले अपनी मां को भागलपुर में दिखाकर वापस लौटे थे। इसके बाद दोस्तों के साथ तारापीठ जाने के लिए निकल गए, लेकिन यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ।
Location : Godda
Published : 9 September 2026, 3:44 PM IST
Topics : Godda Road Accident Jharkhand Congress Jharkhand News Road accident news Youth Congress leader