हिंदी
PG चलाने वाले हरिराम बंसल को राजस्थान से गिरफ्तार (Img: Dynamite News)
New Delhi: नई दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत गिरने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लड़कों के PG के तौर पर इस्तेमाल हो रही इस इमारत के मालिक हरिराम बंसल को राजस्थान के भिवाड़ी से हिरासत में लिया गया है। हादसे में छह लोगों की मौत के बाद से ही पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
रविवार दोपहर सत्य निकेतन में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। बताया गया कि हादसे के समय इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था। PG में दिल्ली यूनिवर्सिटी के कई छात्र भी रह रहे थे।
इमारत गिरते ही बड़ी संख्या में बचाव दल मौके पर पहुंच गए। दिल्ली फायर सर्विस, NDRF और दिल्ली पुलिस की टीमों ने घंटों मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकाला। कई लोगों की जान बचाई गई, लेकिन छह लोगों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया।
हादसे के बाद साउथ कैंपस थाने में हरिराम बंसल और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या से जुड़ी धाराओं के साथ-साथ निर्माण या मरम्मत में लापरवाही और लोगों की जान को खतरे में डालने वाले काम से संबंधित धाराएं लगाई हैं।
ये भी पढ़ें- “मेरी मां ने चारा बेचकर भरा MBBS का खर्च”, डॉक्टर बेटे की यह दास्तान सुन रो पड़े लोग, वीडियो वायरल
जांच का सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर मरम्मत के दौरान ऐसा क्या हुआ, जिससे पूरी इमारत ढह गई। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि काम के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
जांच एजेंसियों की नजर बेसमेंट में चल रहे संभावित निर्माण कार्य पर भी है। अधिकारी यह पता कर रहे हैं कि कहीं खुदाई, पानी जमा होने या इमारत के ढांचे को पहुंचे किसी नुकसान ने हादसे को तो नहीं बढ़ाया। दिल्ली प्रशासन ने इमारत की सुरक्षा और जरूरी परमिशन से जुड़े नियमों की जांच शुरू कर दी है। दिल्ली सरकार ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी दिए हैं।
ये भी पढ़ें- Kolhui: 60% सालाना ब्याज के आरोप से मचा हड़कंप, लोन का हिसाब पहुंचा थाने; चेक और धमकी को लेकर भी शिकायत
हादसे के बाद इमारतों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठे हैं। इसी बीच MCD ने साउथ जोन के पांच अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। अब जांच का दायरा सिर्फ PG मालिक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भी देखा जा रहा है कि इमारत की सुरक्षा को लेकर संबंधित विभागों ने अपनी जिम्मेदारी कितनी निभाई।
सत्य निकेतन हादसे की जांच जारी है और अधिकारियों की नजर आसपास की दूसरी असुरक्षित या अवैध इमारतों पर भी है।
Location : New Delhi
Published : 7 September 2026, 2:46 PM IST