
सहारनपुर प्रॉपर्टी फ्रॉड (Img: AI Generated)
Saharanpur: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में प्रॉपर्टी में निवेश पर 20% मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 18.26 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली मंडी पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राम विहार कॉलोनी (तोता चौक) निवासी आशीष शर्मा ने शिकायत में बताया कि उनके रिश्तेदार वरुण कुमार, जो प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े हैं, ने दिसंबर 2024 में उन्हें देहरादून में सस्ती प्रॉपर्टी में निवेश का प्रस्ताव दिया। आरोप है कि फरवरी 2026 तक निवेश की रकम 20% मुनाफे के साथ वापस करने का भरोसा दिया गया। इसके बाद उनकी मुलाकात विशाल शर्मा, विलिष कुमार, अनिल बछेती, राहुल और अकबर से कराई गई।
दरअसल, 5 जनवरी 2025 से 30 अक्टूबर 2025 के बीच पीड़ित ने अलग-अलग तारीखों पर UPI के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में 12.06 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके अलावा करीब 6.20 लाख रुपये नकद भी आरोपियों को दिए गए। इस तरह कुल 18.26 लाख रुपये का निवेश किया गया।
Saharanpur में ब्लास्ट से पहले ही धर लिए गए ‘खौफ के सौदागर’, पाकिस्तान कनेक्शन ने बढ़ाई सनसनी
आशीष शर्मा का आरोप है कि तय समय पूरा होने पर जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, तो पहले आरोपियों ने प्रॉपर्टी नहीं बिकने का हवाला दिया और बाद में पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने पहले कोतवाली मंडी पुलिस और बाद में SSP से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कोर्ट का दरवाजा खटखटाया गया। कोर्ट के आदेश पर अब छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है।
सर्कल ऑफिसर (CO) फर्स्ट रविकांत पाराशर ने बताया कि कोर्ट के आदेश के अनुपालन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Saharanpur
Published : 4 July 2026, 1:22 PM IST